रबी फसलों की सरकारी खरीदी शुरू, समर्थन मूल्य पर बिक्री से किसानों में खुशी की लहर
चना 5875, मसूर 7000 और सरसों 6200 रुपये प्रति क्विंटल, नाफेड द्वारा खरीदी जारी

रबी फसलों की सरकारी खरीदी शुरू, समर्थन मूल्य पर बिक्री से किसानों में खुशी की लहर
चना 5875, मसूर 7000 और सरसों 6200 रुपये प्रति क्विंटल, नाफेड द्वारा खरीदी जारी
प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण योजना (पीएम आशा योजना) के तहत जिले में रबी सीजन की चना, मसूर और सरसों फसलों की खरीदी शुरू होते ही किसानों में उत्साह का माहौल है। समर्थन मूल्य पर खरीदी से किसानों को बेहतर दाम मिलने की उम्मीद जगी है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है।
जिले में नाफेड द्वारा रबी विपणन वर्ष 2026-27 के लिए अधिसूचित फसलों की खरीदी निर्धारित समर्थन मूल्य पर की जा रही है। चना फसल का समर्थन मूल्य 5875 रुपये प्रति क्विंटल, मसूर का 7000 रुपये प्रति क्विंटल तथा सरसों का 6200 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है।खरीदी अवधि के तहत चना और मसूर की खरीदी 1 मार्च 2026 से 30 मई 2026 तक तथा सरसों की खरीदी 15 फरवरी 2026 से 15 मई 2026 तक की जाएगी।योजना के अंतर्गत पंजीकृत किसान अपने क्षेत्र के उपार्जन केंद्रों—कृषक सेवा सहकारी समिति जांजगीर, पामगढ़, बम्हनीडीह एवं अकलतरा में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर अपनी उपज बेच सकते हैं। इसके लिए किसानों को अपना मोबाइल नंबर, आधार कार्ड और पंजीयन पावती (ई-समृद्धि/एकीकृत किसान पोर्टल) के साथ संबंधित ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी से संपर्क करना होगा।जिले में अब तक चना फसल के 117, मसूर के 18 और सरसों के 56 कृषकों सहित कुल 391 किसानों ने योजना में पंजीयन कराया है। वर्तमान में चारों उपार्जन केंद्रों में 51 किसानों से कुल 90 क्विंटल फसल की खरीदी की जा चुकी है, जिसमें चना 14 क्विंटल, मसूर 2 क्विंटल और सरसों 74 क्विंटल शामिल है।प्रशासन ने शेष पंजीकृत किसानों से अपील की है कि वे समय सीमा के भीतर अपनी फसल निर्धारित केंद्रों पर बेचकर योजना का लाभ उठाएं।












