News

दल्हा पहाड़ पर्यटन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था की मांग

अकलतरा विधायक राघवेंद्र सिंह ने एसपी को लिखा पत्र

कैलाश कश्यप/हरीश राठौर

जांजगीर-चाम्पा। अकलतरा विधानसभा के विधायक राघवेंद्र कुमार सिंह ने अकलतरा विकासखंड स्थित प्रसिद्ध दल्हा पहाड़ पर्यटन स्थल पर पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधीक्षक, जांजगीर-चांपा को पत्र लिखकर तत्काल स्थायी सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की है।
विधायक ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि दल्हा पहाड़ क्षेत्र का प्रमुख पर्यटन स्थल है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में पर्यटक भ्रमण के लिए पहुंचते हैं। विशेषकर अवकाश के दिनों में महिलाओं एवं युवतियों सहित सैकड़ों लोगों की आवाजाही रहती है। वर्तमान में यहां पुलिस सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने के कारण पर्यटकों, विशेषकर महिलाओं और युवतियों के साथ दुर्व्यवहार एवं अन्य अप्रिय घटनाओं की आशंका बनी रहती है, जिससे पर्यटकों में असुरक्षा की भावना व्याप्त है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में पूर्व में भी संबंधित अधिकारियों का ध्यान आकर्षित कराया जा चुका है, लेकिन अब तक प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई है। विधायक राघवेंद्र सिंह ने जनहित एवं पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दल्हा पहाड़ पर्यटन स्थल पर तत्काल प्रभाव से नियमित पुलिस गश्त एवं स्थायी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की पुनरावृत्ति न हो और पर्यटक सुरक्षित वातावरण में पर्यटन का आनंद ले सकें। पत्र की प्रतिलिपि थाना प्रभारी अकलतरा को भी आवश्यक कार्रवाई एवं जानकारी हेतु प्रेषित की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button