VIP काफिले के आगे थमी एंबुलेंस, मरीज की जिंदगी से बड़ा बना मंत्री का रुतबा?

VIP काफिले के आगे थमी एंबुलेंस, मरीज की जिंदगी से बड़ा बना मंत्री का रुतबा?
जांजगीर-चांपा में VIP कल्चर खत्म करने के दावों के बीच एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सिस्टम और सत्ता के रुतबे पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बीजेपी कार्यालय से निकल रहे मंत्री गुरु खुशवंत साहेब के काफिले के दौरान चांपा की ओर से आ रही मरीज से भरी एंबुलेंस को रोक दिया गया। एंबुलेंस को करीब एक मिनट तक काफिले के गुजरने का इंतजार करना पड़ा।हैरानी की बात यह रही कि काफिले में शामिल नेताओं के वाहन बिना रुके आगे बढ़ते रहे, जबकि पुलिस की पायलट गाड़ियों ने भी एंबुलेंस को रास्ता देने की कोई कोशिश नहीं की। यातायात पुलिसकर्मी एंबुलेंस के सामने खड़े नजर आए और मरीज को लेकर जा रही एंबुलेंस VIP काफिले के गुजरने का इंतजार करती रही।एक तरफ सरकार VIP कल्चर खत्म करने की बात करती है, तो दूसरी तरफ सड़क पर एंबुलेंस को रोकने की यह तस्वीर कई सवाल खड़े कर रही है। यह मामला सिर्फ एक मिनट के इंतजार का नहीं है, बल्कि उस सोच पर सवाल है जहां मरीज की जिंदगी से ज्यादा अहम VIP काफिले की आवाजाही नजर आती है।एक मिनट किसी VIP के लिए सामान्य इंतजार हो सकता है, लेकिन मरीज के लिए यही एक मिनट जिंदगी और मौत के बीच का फर्क बन सकता है। अब सवाल यह है कि आखिर किसकी प्राथमिकता ज्यादा है—VIP रुतबा या मरीज की जिंदगी?












