सुनील ने सावन में 20 दिनों की यात्रा कर किए 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन
कुशल वापस लौटने पर मित्रों ने किया स्वागत के साथ सम्मान


जांजगीर-चाम्पा। जिला मुख्यालय जांजगीर के पुरानी बस्ती के भगत चौक निवासी नव युवक सुनील राठौर (शिबू) ने सावन के पवित्र माह में लगातार 20 दिनों तक यात्रा कर देश के अलग-अलग राज्यों में विराजमान भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन किए। लंबी और कठिन धार्मिक यात्रा पूरी करने के बाद सुनील राठौर सकुशल अपने घर वापस लौटे। सुनील राठौर के लिए 20 दिनों की यह यात्रा महज सफर नहीं, बल्कि महादेव की कृपा, आस्था और आशीर्वाद का अद्भुत अनुभव रही। देश के अलग-अलग कोनों में स्थित 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन के दौरान उन्हें भगवान शिव के विभिन्न स्वरूपों के साथ ही प्रत्येक धाम की अलग आध्यात्मिक ऊर्जा और दिव्यता को महसूस करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। उन्होंने बताया कि प्रत्येक ज्योतिर्लिंग में महादेव की अलग अनुभूति देखने और महसूस करने को मिली। कहीं मंदिर की भव्यता ने आकर्षित किया तो कहीं वहां का आध्यात्मिक वातावरण मन को शांति और श्रद्धा से भर देने वाला रहा। लगातार 20 दिनों तक यात्रा करते हुए सभी 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन करना उनके जीवन का एक अविस्मरणीय धार्मिक अनुभव बन गया। सुनील राठौर ने कहा कि सावन माह में महादेव के सभी 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य और जीवन की बड़ी आध्यात्मिक उपलब्धि है। उन्होंने इस यात्रा को भगवान शिव के प्रति अपनी आस्था और श्रद्धा का एक विशेष अनुभव बताया। 20 दिन की यात्रा का रास्ता कुशल वापस लौटने पर सुनील राठौर के मित्रों व परिवार के लोगों ने उनका फूल वाला एवं श्रीफल से स्वागत किये। विदित हो कि सुनील राठौर पिछले वर्ष भी 12 ज्योतिर्लिंग की यात्रा एक साथ किये थे।












