News

नया बाराद्वार नगर पंचायत में टेंडर प्रक्रिया पर उठे सवाल

5 लाख से कम के कार्यों में नियमों की अनदेखी का आरोप

जांजगीर-सक्ती। नगर पंचायत नया बाराद्वार में विभिन्न विकास कार्यों के लिए अपनाई जा रही टेंडर प्रक्रिया को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं। नगर पंचायत के नेता प्रतिपक्ष अभिषेक राय ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को आवेदन सौंपकर टेंडर प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच एवं दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। नेता प्रतिपक्ष अभिषेक राय का आरोप है कि नगर पंचायत में 5 लाख रुपये से कम लागत वाले कार्यों के टेंडर बिना पर्याप्त सार्वजनिक सूचना के किए जा रहे हैं। उनके अनुसार कई निविदाओं की जानकारी न तो नगर पंचायत के सूचना पटल पर विधिवत प्रदर्शित की जा रही है, न स्थानीय समाचार पत्रों में प्रकाशित की जा रही है और न ही शासन के पोर्टल पर अपलोड की जा रही है।
चहेते ठेकेदारों को लाभ पहुंचाने का आरोप अभिषेक राय ने आरोप लगाया कि टेंडर प्रक्रिया में कथित रूप से पारदर्शिता नहीं बरती जा रही है और नियमों की अनदेखी कर कुछ निजी एवं चहेते ठेकेदारों को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि इस तरह की प्रक्रिया जारी रहती है तो इससे शासन की पारदर्शी एवं निष्पक्ष कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होंगे।
सभी टेंडरों की जांच की मांग
नेता प्रतिपक्ष ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी से नगर पंचायत में हाल में कराए गए ऐसे सभी कार्यों एवं टेंडरों की विस्तृत और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही उन्होंने कहा कि जांच के दौरान यदि किसी अधिकारी, कर्मचारी या संबंधित व्यक्ति द्वारा नियमों का उल्लंघन अथवा अनियमितता सामने आती है तो उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने भविष्य में नगर पंचायत के सभी टेंडरों को नियमों के अनुरूप सार्वजनिक एवं पारदर्शी तरीके से जारी करने तथा निविदा प्रक्रिया की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने की मांग भी की है। अब देखना होगा कि नगर पंचायत प्रशासन इस शिकायत पर क्या कार्रवाई करता है और टेंडर प्रक्रिया को लेकर लगाए गए आरोपों की जांच किस स्तर पर होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button