प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी पर पक्षपात का आरोप, कलेक्ट्रेट गेट पर विधायक का सत्याग्रह।

प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी पर पक्षपात का आरोप, कलेक्ट्रेट गेट पर विधायक का सत्याग्रह
जांजगीर-चांपा में जनहित के मुद्दों को लेकर सियासी माहौल गरमाया हुआ है कलेक्ट्रेट कार्यालय के सामने विधायक ब्यास कश्यप ने गांधी मूर्ति स्थल पर सत्याग्रह शुरू कर दिया है। सरकारी योजनाओं में कथित अनियमितता, भेदभाव और निधि कटौती के विरोध में यह आंदोलन किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और आम लोग भी शामिल हो रहे हैं।
हालांकि प्रशासन ने विधायक को रोकने के लिए पहले से ही पुख्ता व्यवस्था कर रखी थी। कलेक्ट्रेट परिसर के मेन गेट पर बैरिकेडिंग कर दी गई थी और सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए थे, जिससे विधायक को अंदर प्रवेश करने से रोक दिया गया। इसके बावजूद विधायक पीछे नहीं हटे और गांधी जी की फ्लेक्सी लेकर कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वार के सामने ही धरने पर बैठ गए और वहीं से सत्याग्रह शुरू कर दिया।विधायक का कहना है कि जब तक आम जनता को योजनाओं का सही लाभ नहीं मिलेगा और भेदभाव खत्म नहीं होगा,
तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। वे गेट के सामने बैठकर अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद कर रहे हैं।इधर प्रशासन भी स्थिति को संभालने में जुटा हुआ है और लगातार विधायक को मनाने की कोशिश कर रहा है, लेकिन खबर लिखे जाने तक कोई ठोस समाधान निकलता नजर नहीं आया है। इस पूरे घटनाक्रम से जिले की राजनीति और गरमा गई है और आने वाले समय में इसका असर और बढ़ सकता है।












