छत्तीसगढ़ में प्रशासनिक सर्जरी, 42 IAS अधिकारियों का तबादला
छत्तीसगढ़ में एक बार फिर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल देखने को मिला है। राज्य सरकार ने 42 IAS अधिकारियों के प्रभार में व्यापक बदलाव करते हुए कई अहम पदों पर नई नियुक्तियां की हैं। इस प्रशासनिक सर्जरी के तहत रायपुर संभाग के कमिश्नर पद पर IAS श्याम लाल धावडे को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि रायपुर नगर निगम के नए कमिश्नर के रूप में संबित मिश्रा की नियुक्ति की गई है।
जिला स्तर पर भी बड़े बदलाव किए गए हैं। पुष्पा साहू को कोरिया जिले का कलेक्टर बनाया गया है। वहीं डॉ. संतोष कुमार देवांगन को गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले की कमान सौंपी गई है। श्रीमती चंदन त्रिपाठी को बलरामपुर जिले का कलेक्टर नियुक्त किया गया है, जबकि संतान देवी जांगड़े को महेंद्रगढ़ जिले की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा पद्मिनी बोई को सारंगढ़ की नई कलेक्टर बनाया गया है, रेना जमील को सूरजपुर जिले का कलेक्टर नियुक्त किया गया है और विश्वदीप को बीजापुर जिले की कमान सौंपी गई है।
वहीं प्रशासनिक और शैक्षणिक संस्थानों में भी अहम बदलाव हुए हैं। डी. राहुल वेंकट को छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग का सचिव बनाया गया है, जबकि रीता यादव को माध्यमिक शिक्षा मंडल का सचिव नियुक्त किया गया है।

सरकार के इस बड़े फैसले से पूरे प्रदेश के प्रशासनिक ढांचे में हलचल मच गई है और कई जिलों में नए नेतृत्व के साथ कामकाज की नई दिशा तय होने की उम्मीद जताई जा रही है।












