
गांव के पीपल पेड़ के नीचे खाट पर बैठकर लगाई चौपाल

जांजगीर-चाम्पा। सुशासन तिहार के तहत प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अचानक जांजगीर-चाम्पा जिले के पामगढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम कोसला पहुँचे। मुख्यमंत्री का हेलिकॉप्टर ग्राम कोसला में उतरते ही प्रशासनिक अमले में हलचल मच गयी और ग्रामीणों में उत्साह और उल्लास देखने को मिला। मुख्यमंत्री के अचानक पहुंचने की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उनका स्वागत किये। इस दौरान जिले के प्रभारी मंत्री एवं वित्तमंत्री ओपी चौधरी भी मौजूद रहें। मुख्यमंत्री गांव के पीपल पेड़ के नीचे में खाट पर बैठकर ग्रामीणों संग चौपाल लगाई। मुख्यमंत्री ने मौके पर उपस्थित ग्रामीणों से छत्तीसगढ़ी अंदाज में पूछा कि तुहर गांव के पटवारी नियमित रूप से गांव आते हैं या नहीं? मुख्यमंत्री श्री साय ने ग्रामीणों को बताया कि प्रधानमंत्री आवास के तहत आप सभी को लाभ दिया जा रहा है, उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना है कि गांव में किसी का कच्चे का मकान ना हो सभी मकान पक्के हो जिससे हमारे ग्रामीण भाईयों को निवास करने में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। इस दौरान उन्होंने ग्राम कोसला स्थित माता कौशल्या मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने माता कौशल्या एवं प्रभु श्रीराम से प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, शांति और छत्तीसगढ़ की निरंतर प्रगति के लिए प्रार्थना की। मुख्यमंत्री श्री साय के मंदिर परिसर पहुंचने पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, मंदिर सेवा समिति एवं ग्रामीणों द्वारा स्वागत किया गया।मुख्यमंत्री श्री साय के अचानक आगमन से क्षेत्र में उत्साह और उल्लास का वातावरण देखने को मिला। मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं एवं ग्रामीणों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति, आस्था और परंपराएं प्रदेश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। हमारी सरकार विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए भी निरंतर कार्य कर रही है। मंदिर सेवा समिति द्वारा मुख्यमंत्री श्री साय को माता कौशल्या मंदिर का आकर्षक छायाचित्र स्मृति स्वरूप भेंट किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के विशेष सचिव रजत बंसल, पूर्व संसदीय सचिव अम्बेश जांगड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी, अमर सुलतानिया, कलेक्टर जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता पाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।













