News

सारंगढ़ जिला अस्पताल की डायलिसिस यूनिट बनी किडनी मरीजों की जीवनरेखा, निःशुल्क इलाज से मिली बड़ी राहत।

 

सारंगढ़ जिला अस्पताल की डायलिसिस यूनिट बनी किडनी मरीजों की जीवनरेखा, निःशुल्क इलाज से मिली बड़ी राहत।

सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को नई ऊंचाई देते हुए जिला चिकित्सालय सारंगढ़ की डायलिसिस यूनिट किडनी रोगियों के लिए किसी वरदान से कम नहीं साबित हो रही है। कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे के कुशल निर्देशन एवं सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल के मार्गदर्शन में संचालित यह यूनिट जिले के मरीजों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधा प्रदान कर रही है।अब तक किडनी रोगियों को डायलिसिस के लिए रायपुर, बिलासपुर या रायगढ़ जैसे बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था, जिससे आर्थिक बोझ के साथ समय और मानसिक तनाव भी बढ़ता था। जिला अस्पताल में डायलिसिस यूनिट की शुरुआत से मरीजों को बड़ी राहत मिली है और उन्हें अपने ही जिले में गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध हो रहा है।प्रधानमंत्री निःशुल्क डायलिसिस कार्यक्रम ‘जीवन धारा’ के अंतर्गत यहां उपचार पूरी तरह निःशुल्क किया जा रहा है। यूनिट में कुल 3 डायलिसिस मशीनें स्थापित हैं, जिनमें 2 ऋणात्मक और 1 धनात्मक (हेपेटाइटिस-सी) मशीन शामिल है। इन मशीनों के माध्यम से प्रतिदिन 3 से 4 मरीजों को डायलिसिस सुविधा दी जा रही है। अब तक 28 मरीजों के कुल 445 सेशन सफलतापूर्वक संपन्न किए जा चुके हैं, जबकि वर्तमान में 10 एक्टिव मरीज नियमित रूप से निःशुल्क डायलिसिस का लाभ ले रहे हैं।यूनिट में साफ-सफाई, संक्रमण मुक्त वातावरण और प्रशिक्षित स्टाफ की विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि मरीजों को सुरक्षित और घर जैसा माहौल मिल सके। डायलिसिस कराने आए मरीजों ने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि निःशुल्क इलाज से न केवल पैसे की बचत हो रही है, बल्कि लंबी यात्रा और मानसिक तनाव से भी मुक्ति मिली है।इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने स्पष्ट संदेश दिया कि जिले का कोई भी गरीब मरीज इलाज से वंचित न रहे और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। वहीं सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल ने आमजन से अपील की कि वे जिला अस्पताल में उपलब्ध इन सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

 

Back to top button