जांजगीर-चांपा को मिला मेडिकल कॉलेज का तोहफा, 50 सीटों की स्वीकृति से बदलेगी जिले की तस्वीर : इंजीनियर रवि पाण्डेय।
हमने बनाया है, हम ही संवारेंगे" के संकल्प के साथ शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में ऐतिहासिक कदम, युवाओं और मरीजों को मिलेगा सीधा लाभ

जांजगीर-चांपा : जिले को 50 सीटों वाले मेडिकल कॉलेज की स्वीकृति मिलने पर भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता इंजीनियर रवि पाण्डेय ने इसे पूरे जिले के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक मेडिकल कॉलेज की मंजूरी नहीं, बल्कि जांजगीर-चांपा के विकास, स्वास्थ्य सेवाओं और उच्च चिकित्सा शिक्षा के नए युग की शुरुआत है।
इंजीनियर रवि पाण्डेय ने कहा कि लंबे समय से जिले के लोगों का सपना था कि जांजगीर-चांपा में मेडिकल कॉलेज स्थापित हो, जिससे स्थानीय विद्यार्थियों को डॉक्टर बनने के लिए दूसरे शहरों का रुख न करना पड़े। अब 50 सीटों वाले मेडिकल कॉलेज की स्वीकृति से युवाओं को अपने जिले में ही गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। साथ ही जिले के मरीजों को बेहतर इलाज, विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य अधोसंरचना का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। उसी दूरदर्शी सोच का परिणाम है कि जांजगीर-चांपा जैसे जिले को भी मेडिकल कॉलेज की सौगात मिली है। इससे न केवल स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होंगी, बल्कि रोजगार, आर्थिक गतिविधियों और क्षेत्रीय विकास को भी नई गति मिलेगी।रवि पाण्डेय ने इस उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल सहित इस विषय पर सतत प्रयास करने वाले सभी जनप्रतिनिधियों एवं शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि “हमने बनाया है, हम ही संवारेंगे” का संकल्प अब जांजगीर-चांपा के विकास में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। मेडिकल कॉलेज की स्थापना आने वाले वर्षों में जिले की पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी और स्वास्थ्य व शिक्षा के क्षेत्र में जांजगीर-चांपा को प्रदेश के अग्रणी जिलों में शामिल करेगी।अंत में उन्होंने जिलेवासियों को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से जांजगीर-चांपा विकास के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।












