भारतमाला सड़क पर भीषण हादसा: मॉर्निंग वॉक पर निकले 3 लोगों को अज्ञात वाहन ने कुचला,मौके पर मौत।

भारतमाला सड़क पर भीषण हादसा: मॉर्निंग वॉक पर निकले 3 लोगों को अज्ञात वाहन ने कुचला, मौके पर मौत
जांजगीर-चांपा। जिले के बलौदा थाना क्षेत्र अंतर्गत डोंगरी-कोरबी मार्ग स्थित भारतमाला सड़क पर रविवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मॉर्निंग वॉक पर निकले तीन लोगों को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने कुचल दिया, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया।मृतकों की पहचान दिलहरण दास वैष्णव, केदाल बरेठ और संतु यादव के रूप में हुई है। तीनों डोंगरी और कोरबी गांव के निवासी थे। घटना के बाद इलाके में मातम पसर गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए।सूचना मिलते ही बलौदा पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि फरार वाहन की पहचान की जा सके।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तीनों रोज की तरह सुबह टहलने निकले थे। इसी दौरान तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।












