शिवरीनारायण की रिद्धांशी ने अबेकस प्रतियोगिता में लहराया परचम

शिवरीनारायण की रिद्धांशी ने अबेकस प्रतियोगिता में लहराया परचम
जांजगीर-चांपा जिले के शिवरीनारायण-राहौद की 9 वर्षीय रिद्धांशी साहू ने राज्य स्तरीय अबेकस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। कक्षा तीसरी की छात्रा रिद्धांशी ने रायगढ़ के अग्रोहा धाम में आयोजित प्रतियोगिता में विजुअल कैटेगरी में चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया, जबकि लिस्निंग कैटेगरी में फर्स्ट रनर-अप रहीं।रिद्धांशी ने अपनी तेज गणना क्षमता से सभी को प्रभावित किया। बताया जाता है कि वह मात्र 10 मिनट में 200 गणितीय प्रश्न हल करने की क्षमता रखती हैं और अपने से बड़ी कक्षाओं के विद्यार्थियों को भी कड़ी टक्कर देती हैं।रिद्धांशी के पिता विश्वा साहू और माता रिंकी साहू के अनुसार, शुरुआत में वह गणित की एक सामान्य छात्रा थीं, लेकिन नियमित अभ्यास और अबेकस प्रशिक्षण की बदौलत आज उनकी गणना गति और आत्मविश्वास में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

अबेकस प्रशिक्षिका रेणुका शर्मा ने बताया कि विशेष प्रशिक्षण, फ्लैश कार्ड गतिविधियों और ब्रेन डेवलपमेंट एक्सरसाइज के माध्यम से बच्चों की गणितीय क्षमता, स्मरण शक्ति, सुनने-समझने और लिखने की गति को विकसित किया जाता है। इसी का परिणाम है कि रिद्धांशी ने कम उम्र में बड़ी उपलब्धि हासिल कर जिले को गौरवान्वित किया है।












