जांजगीर चांपा

13 करोड़ के चांपा अमृत स्टेशन से ज्यादा 50 लाख के डोम की चर्चा! उद्घाटन समारोह की व्यवस्थाओं पर उठे सवाल।

जांजगीर-चांपा। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत करीब 13 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकसित चांपा रेलवे स्टेशन का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से लोकार्पण किया। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, सांसद कमलेश जांगड़े सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। लेकिन उद्घाटन समारोह के बाद स्टेशन से ज्यादा चर्चा आयोजन की व्यवस्थाओं और कथित तौर पर करीब 50 लाख रुपये की लागत से लगाए गए डोम को लेकर होती रही।

कार्यक्रम शुरू होने से पहले हुई तेज बारिश के कारण डोम के भीतर कई जगह पानी भर गया। मौके पर मौजूद लोगों का कहना था कि यदि बारिश कुछ देर और जारी रहती, तो पूरा आयोजन प्रभावित हो सकता था। राहत की बात रही कि कार्यक्रम शुरू होने से पहले बारिश थम गई और समारोह संपन्न हो गया।

समारोह में मौजूद लोगों ने आरोप लगाया कि बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राओं को घंटों पहले कार्यक्रम स्थल पर बुला लिया गया, लेकिन उनके लिए समय पर नाश्ता और पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई। कई बच्चों और उपस्थित लोगों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा, जिससे नाराजगी भी देखने को मिली।

आयोजन में हुए खर्च और व्यवस्थाओं को लेकर पूरे कार्यक्रम में चर्चाओं का दौर चलता रहा। लोगों के बीच सवाल उठता रहा कि यदि डोम और अन्य व्यवस्थाओं पर इतनी बड़ी राशि खर्च की गई, तो बारिश से बचाव और आमंत्रित लोगों के लिए मूलभूत सुविधाएं क्यों नहीं सुनिश्चित की गईं।

इस संबंध में रेलवे के जिम्मेदार अधिकारियों और आयोजन से जुड़े अधिकारियों से पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन किसी भी जिम्मेदार अधिकारी ने इस मुद्दे पर कोई प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया। ऐसे में आयोजन को लेकर उठ रहे सवालों का आधिकारिक जवाब फिलहाल सामने नहीं आ सका है। यदि संबंधित विभाग अपना पक्ष जारी करता है, तो उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button