News

3 महीने से ट्रांसफार्मर खराब, बिजली विभाग के खिलाफ फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, सड़क पर बैठकर किया चक्काजाम

 

जांजगीर-चांपा:  जिले के पामगढ़ क्षेत्र के कुटरा गांव में पिछले तीन महीने से ट्रांसफार्मर खराब होने से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा रविवार को फूट पड़ा। बिजली विभाग की कार्यप्रणाली से नाराज सैकड़ों ग्रामीणों ने जांजगीर–पामगढ़ मुख्य मार्ग पर सड़क पर बैठकर चक्काजाम कर दिया। आंदोलन के चलते मुख्य मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया।ग्रामीणों का कहना है कि ट्रांसफार्मर खराब होने के बाद से कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों को शिकायत की गई, लेकिन बार-बार आश्वासन मिलने के बावजूद अब तक ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया। लगातार बिजली नहीं मिलने से गांव के लोगों को पेयजल, घरेलू कार्य और किसानों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।चक्काजाम की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने ग्रामीणों से चर्चा कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। हालांकि ग्रामीण ट्रांसफार्मर तत्काल बदलने और नियमित बिजली आपूर्ति शुरू करने की मांग पर अड़े रहे।ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द उनकी समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग और प्रशासन की होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button