News

अमृत भारत स्टेशनों की नई पहचान – पुनर्विकसित चाँपा रेल्वे स्टेशन 

देश के प्रधानमंत्री वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से करेंगे

केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री व सांसद होंगे शामिल

जांजगीर-चाम्पा। भारतीय रेल को देश की जीवन रेखा माना जाता है और रेलवे स्टेशन किसी भी शहर की पहचान का केंद्र होते हैं। अधिकतर स्टेशन शहर के बीचोंबीच स्थित होते हैं, जहां आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियां सजीव रहती हैं। इसलिए स्टेशनों का विकास केवल यात्री सुविधाओं तक सीमित नहीं रहकर, उन्हें स्थानीय विरासत और पहचान से जोड़ना ज़रूरी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने अमृत काल में तेज़ विकास की दिशा पकड़ी है। उनकी प्रेरणा से भारतीय रेलवे ने 1337 स्टेशनों के कायाकल्प की शुरुआत की। देशभर में अब तक 261 स्टेशनों को पुनर्विकसित किया जा चुका है | 17 जुलाई  प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा अमृत भारत स्टेशन स्कीम के तहत 75 पुनर्विकसित स्टेशनों के साथ पुनर्विकसित चाँपा स्टेशन का लोकार्पण वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से किया जाएगा। इन स्टेशनों में छत्तीसगढ़ राज्य के 3 स्टेशन – बिलासपुर मंडल के चाँपा स्टेशन तथा रायपुर मंडल के सरोना एवं बालोद स्टेशन शामिल हैं। पुनर्विकसित इन स्टेशनों में सौंदर्य, सुविधा और संस्कृति तीनों का समन्वय है। इन स्टेशनों पर भव्य प्रवेश द्वार, आकर्षक फसाड, हाई मास्ट लाइटिंग, आधुनिक प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर, मॉर्डन टॉयलेट और दिव्यांगजन के लिए सुगम रैंप जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं। प्लेटफॉर्म पर शेल्टर, कोच इंडिकेशन सिस्टम और सूचना के लिए डिजिटल डिस्प्ले लगाए गए हैं। सभी सुविधाओं को दिव्यांगजन अनुकूल बनाया गया है। वहीं हर स्टेशन पर स्थानीय लोक कला, संस्कृति और परंपराओं की झलक भी देखने को मिल रही है। इस अवसर पर चाँपा स्टेशन में आयोजित लोकार्पण कार्यक्रम में तोखन साहू केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री, श्रीमती कमलेश जांगड़े सांसद सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।जिले के प्रमुख औद्योगिक और व्यापारिक केंद्र चाँपा रेलवे स्टेशन को लगभग 13 करोड़ की लागत से आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है। स्टेशन परिसर के समग्र विकास के साथ यात्रियों की सुविधा के लिए बेहतर प्रतीक्षालय, सुगम आवागमन तथा आधुनिक यात्री सुविधाओं का भी विस्तार किया गया हैं। सर्कुलेटिंग एरिया का विस्तार एवं सौंदर्यीकरण, सड़कों का चौड़ीकरण, सुव्यवस्थित वाहन पार्किंग, बुकिंग काउंटर का नवीनीकरण, आधुनिक द्वितीय श्रेणी एवं उच्च श्रेणी प्रतीक्षालय, वीआईपी कक्ष, नए प्लेटफॉर्म शेल्टर, महिलाओं, पुरुषों एवं दिव्यांगजनों के लिए आधुनिक शौचालय, लिफ्ट एवं टैक्टाइल टाइल्स, अत्याधुनिक ट्रेन एवं कोच डिस्प्ले बोर्ड, सीसीटीवी कैमरे, डिजाइनर साइनेज, स्ट्रीट लाइट एवं हाई मास्ट लाइट, बेहतर प्रकाश व्यवस्था तथा यात्रियों के लिए स्टेनलेस स्टील बैठने की व्यवस्था जैसी अनेक सुविधाएं विकसित की गई हैं। साथ ही आकर्षक लाइटिंग और स्थानीय संस्कृति के समावेश से स्टेशन को यात्री अनुकूल एवं सुगम बनाया गया है। चाँपा रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास आधुनिक रेल अवसंरचना, यात्री सुविधा एवं क्षेत्रीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए किया गया है। स्टेशन परिसर को अधिक सुव्यवस्थित तथा आकर्षक बनाया गया है, जिससे यात्रियों को सुरक्षित एवं बेहतर यात्रा अनुभव प्राप्त हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button