News

विश्वकर्मा जयंती पर टू-व्हीलर मिस्त्री यूनियन ने लगाया भव्य भंडारा

कचहरी चौक में श्रद्धालुओं एवं राहगीरों को किया गया प्रसाद वितरण

जांजगीर-चाम्पा। भगवान विश्वकर्मा जयंती के पावन अवसर पर जांजगीर-नैला टू-व्हीलर मिस्त्री यूनियन द्वारा जिला मुख्यालय जांजगीर के हृदय स्थल कचहरी चौक में भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। इस अवसर पर यूनियन के सदस्यों ने विधि-विधान से भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र, परिवार एवं व्यवसाय की सुख-समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम के दौरान कचहरी चौक से गुजरने वाले राहगीरों, वाहन चालकों, स्थानीय नागरिकों सहित बड़ी संख्या में लोगों को भंडारे का प्रसाद वितरित किया गया। भंडारे में लोगों ने उत्साहपूर्वक शामिल होकर प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन स्थल पर दिनभर श्रद्धा और सेवा का माहौल बना रहा। यूनियन के सदस्यों ने बताया कि भगवान विश्वकर्मा को निर्माण, शिल्प, तकनीक एवं कर्म के देवता के रूप में श्रद्धा से पूजा जाता है। टू-व्हीलर मिस्त्री अपने कार्य में औजारों एवं तकनीकी कौशल का उपयोग करते हैं, इसलिए उनके लिए विश्वकर्मा जयंती का विशेष महत्व है। इसी भावना के साथ प्रतिवर्ष भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना के साथ सामाजिक एवं सेवा गतिविधियों का आयोजन किया जाता है।

भंडारे के आयोजन में टू-व्हीलर मिस्त्री यूनियन से जुड़े सदस्यों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई और व्यवस्था संभालते हुए लोगों को प्रसाद वितरित किया। इस दौरान कचहरी चौक पर आने-जाने वाले लोगों ने यूनियन द्वारा किए गए सेवा कार्य की सराहना की। आयोजकों ने कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन आपसी भाईचारे, सेवा भावना और सामाजिक एकता को मजबूत करने का कार्य करते हैं। भगवान विश्वकर्मा की जयंती पर आयोजित भंडारे के माध्यम से लोगों की सेवा करना यूनियन के सदस्यों के लिए सौभाग्य का विषय है। भण्डारे का आयोजन संजय ऑटो पार्ट्स, जितेंद्र राठौर गोलू हाईटेक, प्रकाश आटो पार्ट्स डीके ऑटो पार्ट्स, कमलेश मोटर साइकिल गैरेज, गोपाल आटो सेंटर, फागू राम ऑटो सेंटर, सज्जाद खान, कमल खान, जावेद खान, आयुष ब्रदर्स, राजेश लेथ वर्क, संजय आटो सेंटर नैला, संकर आटो पार्ट्स, गोयल ऑटो सेंटर, अख्तर आटो नैला, शिव सायकल, अर्जुन ऑटो सेंटर द्वारा कराया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button