जिला जेल जांजगीर का निरीक्षण, बंदियों की सुविधाओं से लेकर भोजन की गुणवत्ता तक परखी व्यवस्था।

जांजगीर चांपा : माननीय उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में शनिवार 19 सितंबर को बोर्ड ऑफ विजिटर्स ने जिला जेल जांजगीर का निरीक्षण किया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश जयदीप गर्ग, कलेक्टर जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने जेल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान बंदियों को मिलने वाली सुविधाएं, भोजन की गुणवत्ता, पेयजल, टॉयलेट, बैरकों की स्थिति, प्राथमिक चिकित्सा, मुलाकात कक्ष, शिकायत पेटी और कपड़ों की व्यवस्था की जांच की गई। इसके साथ ही लीगल एड क्लिनिक, बंदियों के परिजनों के लिए मुलाकाती हेल्प डेस्क और जेल में स्थापित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष की व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली गई।अधिकारियों ने बंदियों के प्रकरणों में आने वाली समस्याओं, विधिक सहायता की उपलब्धता तथा जेल के विभिन्न रजिस्टरों और व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जेल में जाति भेदभाव से संबंधित व्यवस्थाओं और शिकायतों की भी जानकारी ली गई।बोर्ड ऑफ विजिटर्स के निरीक्षण का उद्देश्य जेल में बंदियों को नियमानुसार मिल रही सुविधाओं और व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लेना रहा।













