जांजगीर-चांपा में युवा कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, प्रधानमंत्री और केंद्रीय शिक्षा मंत्री का पुतला दहन।

जांजगीर-चांपा। दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों और युवाओं के साथ हुए कथित लाठीचार्ज एवं अश्रुगैस के इस्तेमाल के विरोध की गूंज मंगलवार को जांजगीर-चांपा में भी सुनाई दी। जिला मुख्यालय के भारतमाता (कचहरी) चौक पर जिला युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए। प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर विरोध दर्ज कराया गया।जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष पंकज शुक्ला के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में कांग्रेस के जनप्रतिनिधि, जिला कांग्रेस के पदाधिकारी, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई के कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में छात्र-युवा शामिल हुए। कचहरी चौक से निकाली गई विरोध रैली में प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए और छात्रों के साथ हुई कथित कार्रवाई की निंदा की।प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नीट पेपर लीक मामले को लेकर केंद्र सरकार को घेरते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की। इसके बाद विरोध स्वरूप केंद्रीय शिक्षा मंत्री का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया गया। वहीं देश में युवाओं से जुड़े मुद्दों और दिल्ली की घटना को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जिम्मेदार ठहराते हुए उनका भी प्रतीकात्मक पुतला फूंका गया तथा इस्तीफे की मांग की गई।जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष पंकज शुक्ला ने कहा कि देश का युवा लगातार अपने अधिकारों और भविष्य को लेकर आवाज उठा रहा है, लेकिन उसकी आवाज सुनने के बजाय उसे दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि नीट पेपर लीक जैसी घटनाओं ने लाखों विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है, वहीं शांतिपूर्ण विरोध करने वाले युवाओं पर बल प्रयोग करना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और युवाओं के हितों की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि युवाओं से जुड़े मुद्दों पर सरकार गंभीरता नहीं दिखाती है तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि छात्र-युवाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस लगातार संघर्ष करती रहेगी।विरोध प्रदर्शन के दौरान भारतमाता (कचहरी) चौक पर काफी देर तक राजनीतिक माहौल गर्म रहा। पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा और सुरक्षा व्यवस्था के बीच प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में छात्र एवं समर्थक मौजूद रहे।












