जांजगीर चांपा

जिला अस्पताल में अनियमितताओं की होगी राज्य स्तरीय जांच, 27 जुलाई को पहुंचेगी टीम

 

जिला अस्पताल में अनियमितताओं की होगी राज्य स्तरीय जांच, 27 जुलाई को पहुंचेगी टीम

 

एंकर : जांजगीर-चांपा जिला चिकित्सालय में परिवार नियोजन प्रोत्साहन राशि के वितरण और जीवनदीप समिति के अंतर्गत हुई नियुक्तियों में कथित अनियमितताओं की शिकायतों को स्वास्थ्य विभाग ने गंभीरता से लिया है। संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं, छत्तीसगढ़ ने पूरे मामले की जांच के लिए पांच सदस्यीय राज्य स्तरीय जांच समिति का गठन किया है। समिति 27 जुलाई को सुबह 10:30 बजे जिला चिकित्सालय पहुंचकर जांच करेगी। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी और सिविल सर्जन-सह-अस्पताल अधीक्षक को सभी आवश्यक अभिलेख, दस्तावेज और संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।जांजगीर-चांपा जिला चिकित्सालय एक बार फिर सुर्खियों में है। परिवार नियोजन प्रोत्साहन राशि के वितरण तथा जीवनदीप समिति के अंतर्गत की गई नियुक्तियों में कथित अनियमितताओं की शिकायतों के बाद संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं, छत्तीसगढ़ ने राज्य स्तरीय जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।स्वास्थ्य सेवाओं के आयुक्त-सह-संचालक द्वारा जारी आदेश के अनुसार मामले की जांच के लिए पांच सदस्यीय समिति गठित की गई है। समिति में वित्त नियंत्रक को अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि संयुक्त संचालक, अपर संचालक (वित्त) एनएचएम, उप संचालक (परिवार कल्याण) और राज्य वित्त प्रबंधक एनएचएम को सदस्य बनाया गया है।जांच समिति 27 जुलाई 2026 को सुबह 10:30 बजे जिला चिकित्सालय, जांजगीर-चांपा का दौरा करेगी। संचालनालय ने सीएमएचओ और सिविल सर्जन को निर्देश दिए हैं कि जांच के दौरान सभी संबंधित अभिलेख, दस्तावेज, नियुक्ति संबंधी रिकॉर्ड तथा जनवरी 2023 से फरवरी 2026 तक परिवार नियोजन प्रोत्साहन राशि के भुगतान और जीवनदीप समिति से जुड़े सभी दस्तावेज उपलब्ध कराए जाएं, ताकि निष्पक्ष जांच पूरी की जा सके।इस जांच को जिला चिकित्सालय में सामने आए कथित वित्तीय और प्रशासनिक अनियमितताओं के मामले में एक महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button