
जांजगीर में सियासी घमासान : नारायण चंदेल का आरोप – कांग्रेस विधायक दे रहे अपराधियों को संरक्षण, व्यास कश्यप का पलटवार
जांजगीर-चांपा। जिले की राजनीति में रविवार को उस समय जबरदस्त हलचल मच गई जब पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने जांजगीर विधायक व्यास कश्यप पर गंभीर आरोप लगाए। चंदेल ने कहा कि कांग्रेस विधायक खूंखार अपराधियों को संरक्षण दे रहे हैं और ऐसे लोगों के कार्यक्रमों में शामिल होकर अपराध को बढ़ावा दे रहे हैं।
चंदेल का आरोप है कि विधायक व्यास कश्यप एक ऐसे अपराधी के जन्मदिन कार्यक्रम में शामिल हुए, जिस पर हत्या, पॉकेटमारी और लूट जैसे कई संगीन अपराधों के आरोप हैं। “करीब 50 लोगों की मौजूदगी में विधायक ने उस अपराधी का केक काटा। यही नहीं, विधायक का जेल प्रतिनिधि खुद जेल में है और कॉलेज प्रतिनिधि के बेटे पर भी एफआईआर दर्ज है,” — चंदेल ने कहा।
उन्होंने सवाल उठाया कि “क्या जनता ने ऐसे विधायकों को इसलिए चुना है कि वे अपराधियों के जन्मदिन में शामिल हों? कांग्रेस को ऐसे नेताओं को तत्काल बर्खास्त करना चाहिए और नैतिकता के आधार पर उन्हें पद छोड़ देना चाहिए।”
दूसरी ओर, विधायक व्यास कश्यप ने आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने कहा —
“यह डबल इंजन की सरकार है, प्रशासन उनका है। अगर आरोप सही हैं तो जांच कराएं। हम जवाब देने के लिए तैयार हैं। यह सब सियासी साजिश के तहत किया जा रहा है ताकि कांग्रेस नेताओं की छवि खराब की जा सके।”व्यास कश्यप ने नारायण चंदेल पर पलटवार करते हुए कहा कि “जो लोग आरोप लगा रहे हैं, पहले खुद आईना देखें। कौन किसके संरक्षण में रहा है, सबको पता है। आज उनकी सरकार है, अगर सच्चाई है तो कार्रवाई करें। व्यास कश्यप कभी जवाबदेही से पीछे नहीं हटेगा।”इस आरोप-प्रत्यारोप ने जांजगीर-चांपा की राजनीति में हलचल बढ़ा दी है। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर निशाना साध रहे हैं और मामला अब तेजी से सियासी रंग ले चुका है।












