जांजगीर चांपा

17 सितंबर को जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’, शिवरीनारायण में एक लाख दीपों से जगमगाएगा महानदी घाट।

 

17 सितंबर को जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’, शिवरीनारायण में एक लाख दीपों से जगमगाएगा महानदी घाट

जांजगीर-चांपा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं राष्ट्र सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक जिलेभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जाएगा। अभियान के तहत सेवा, सुशासन और जनकल्याण की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के लिए एक माह तक विभिन्न गतिविधियां आयोजित होंगी। अभियान को लेकर जिले के गांवों में जनसंपर्क शुरू हो गया है और स्व-सहायता समूहों, ग्रामीण समूहों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा वीडियो संदेश के जरिए लोगों से अभियान में सहभागी बनने की अपील की जा रही है।

अभियान का शुभारंभ 17 सितंबर की शाम ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगा। इसी कड़ी में शाम 7 बजे शिवरीनारायण के महानदी घाट पर एक लाख दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। इसके साथ ही जिले के ऐतिहासिक, धार्मिक, सांस्कृतिक एवं प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर भी दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। अभियान में प्रत्येक दीप को 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा के प्रति आभार और विकसित भारत-2047 के संकल्प का प्रतीक बनाया गया है।

‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम को लेकर गांव-गांव लोगों को जोड़ा जा रहा है। मैदानी टीमें और स्व-सहायता समूह घर-घर संपर्क कर नागरिकों को 17 सितंबर की शाम दीप प्रज्वलित करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। ग्रामीण महिलाओं और जनप्रतिनिधियों के वीडियो संदेशों के माध्यम से भी अधिक से अधिक लोगों से कार्यक्रम में सहभागिता की अपील की जा रही है। अभियान का उद्देश्य सेवा, समर्पण और जनभागीदारी का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ पहल में 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक शासकीय एवं निजी विद्यालयों में ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। बच्चों की कल्पनाओं को प्रदर्शनी के माध्यम से सामने लाया जाएगा और उत्कृष्ट प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा। वहीं ‘नमो सेवा गाथा’ के तहत नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से सेवा कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और उनसे आए बदलाव की कहानियां आमजन तक पहुंचाई जाएंगी।

‘आंगन का उत्सव’ के तहत 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगनबाड़ी केंद्रों में माताओं और बच्चों की सहभागिता के साथ कार्यक्रम होंगे। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जाएगा तथा पोषण, मातृ सहायता, टीकाकरण और महिला एवं बाल कल्याण योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। वहीं ‘कहानी बदलाव की’ पहल के माध्यम से शासकीय योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों की वास्तविक सफलता की कहानियां संकलित की जाएंगी।

 

अभियान में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ के माध्यम से लोगों को विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प से जोड़ा जाएगा। ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत नागरिकों, युवाओं, महिलाओं, स्वयंसेवी संगठनों, शैक्षणिक संस्थाओं और अन्य समूहों को नदी-घाट स्वच्छता सहित विभिन्न सेवा गतिविधियों में सहभागी बनाया जाएगा।वहीं ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के तहत 1 से 7 अक्टूबर तक विधानसभा एवं विकासखंड स्तर पर शिविर आयोजित होंगे। शिविरों में पात्र नागरिकों को विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी देने, योजनाओं से जोड़ने और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने पर जोर रहेगा।अभियान के दौरान ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘जल जन सेवा संकल्प’, ‘रंगोली राष्ट्र-भारत मंडल’, ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ और ‘जनसेवक महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेंट’ जैसी गतिविधियां भी प्रस्तावित हैं। इस तरह एक माह तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान के जरिए जिले में सेवा, जनभागीदारी और जनकल्याण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों को व्यापक रूप देने की तैयारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button