भाजयुमो जिलाध्यक्ष पर अधिकारी से दबंगई का आरोप, उप अभियंता ने लगाया धमकी और धक्का-मुक्की कर मारपीट के प्रयास का आरोप।
जांजगीर-चांपा के नगर पंचायत नरियरा में भाजयुमो जिलाध्यक्ष एवं पार्षद आकाश सिंह पर उप अभियंता के.एन. उपाध्याय ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उप अभियंता ने सीएमओ को दी लिखित शिकायत में आरोप लगाया है कि पार्षद आकाश सिंह अपने सहयोगी पार्षदों के साथ उनके कक्ष में पहुंचे और काम को लेकर दबाव बनाने के दौरान गाली-गलौज, धमकी और धक्का-मुक्की की गई। शिकायत में उप अभियंता ने आरोप लगाया है कि उन्हें कुर्सी समेत धक्का दिया गया, चेहरे पर टेबल पर रखे कागजात मारे गए और मारपीट के लिए अन्य लोगों को उकसाया गया। घटना के बाद उप अभियंता ने खुद को भयभीत बताते हुए शासकीय कार्य करने में असुरक्षित महसूस करने की बात कही है और सुरक्षा के साथ कार्रवाई की मांग की है। शिकायत की प्रतिलिपि कलेक्टर और नगरीय प्रशासन विभाग के अधिकारियों को भी भेजी गई है। इस पूरे मामले के सामने आने के बाद अब राजनीतिक बहस भी तेज हो गई है। सवाल उठ रहा है कि जनप्रतिनिधि का पद जनता की समस्याओं और विकास कार्यों की आवाज उठाने के लिए है, तो फिर अधिकारियों के साथ कथित दबंगई के आरोप क्यों लग रहे हैं? फिलहाल लगाए गए आरोपों पर आकाश सिंह का पक्ष सामने नहीं आया है।












