एक झटके में उजड़ गया परिवार! भारतमाला फोरलेन पर पति-पत्नी की मौत, 16 साल की बेटी गंभीर।

एक झटके में उजड़ गया परिवार! भारतमाला फोरलेन पर पति-पत्नी की मौत, 16 साल की बेटी गंभीर
जांजगीर-चांपा। बलौदा थाना क्षेत्र के खिसोरा गांव के पास भारतमाला फोरलेन पर बुधवार को दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। बिलासपुर से बुंदेली लौट रहे बाइक सवार पति-पत्नी की सड़क हादसे में मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी 16 वर्षीय बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई।
बताया जा रहा है कि ग्राम बुंदेली निवासी दिलेश कौशले (40) अपनी पत्नी ऊषा कौशले (36) और बेटी शिवानी (16) के साथ बाइक क्रमांक CG 12 AQ 9941 से लौट रहे थे। खिसोरा के पास तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और भारतमाला सड़क किनारे लगी साइड शोल्डर रेलिंग से जोरदार टक्कर हो गई।हादसा इतना भीषण था कि दिलेश कौशले और उनकी पत्नी ऊषा कौशले की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 16 वर्षीय बेटी शिवानी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।सूचना मिलते ही बलौदा पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बलौदा भेजा गया है, जबकि गंभीर रूप से घायल शिवानी को बेहतर उपचार के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है।
इस दर्दनाक हादसे की खबर बुंदेली गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। पति-पत्नी की एक साथ मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। फिलहाल बलौदा पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।












