शिक्षक समाज की नींव, उन्हें सम्मान करना गौरव की बात – मोहित चावला
छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक के जांजगीर शाखा में किया गया शिक्षकों का सम्मान


जांजगीर-चाम्पा। शिक्षक दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक की जांजगीर शाखा में शिक्षक सम्मान समारोह का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्रीय कार्यालय से पधारे वरिष्ठ प्रबंधक मोहित चावला ने की। समारोह में शाखा की ओर से उपस्थित शिक्षकों को उनके शिक्षा के क्षेत्र में दिए जा रहे महत्वपूर्ण योगदान तथा समाज निर्माण में निभाई जा रही भूमिका के लिए सम्मानित किया गया। इस दौरान शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके समर्पण, मेहनत और सेवाभाव की सराहना की गई। शाखा प्रबंधक श्रद्धा पटेल ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र और समाज के निर्माण की मजबूत नींव हैं। वे विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान देने के साथ-साथ उन्हें संस्कार, अनुशासन, नैतिक मूल्यों और जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। समाज को बेहतर दिशा देने में शिक्षकों की भूमिका सदैव महत्वपूर्ण रही है। वरिष्ठ प्रबंधक मोहित चावला ने भी शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए शिक्षकों के योगदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों का सम्मान वास्तव में ज्ञान, संस्कार और समाज निर्माण की उस परंपरा का सम्मान है, जो पीढ़ियों को दिशा देती है। कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों ने छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक की जांजगीर शाखा द्वारा किए गए सम्मान कार्यक्रम की सराहना करते हुए बैंक प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह अत्यंत गरिमामय एवं आत्मीय वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।












