Newsजांजगीर चांपा

यूथ कांग्रेस चुनाव में धमकी के आरोप से घमासान,अकलतरा में वर्चस्व की लड़ाई, प्रत्याशी ने संगठन में शिकायत की बात कहीविधायक ब्यास कश्यप बोले- रिश्तेदार का सहयोग करना लोकतंत्र का हिस्सा।

अकलतरा विधानसभा क्षेत्र में यूथ कांग्रेस के संगठन चुनाव को लेकर सियासी विवाद सामने आया है। चुनावी मैदान में आमने-सामने प्रत्याशियों के बीच अब आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। एक प्रत्याशी ने दूसरे प्रत्याशी पर धमकी देने और चुनावी गतिविधियों को प्रभावित करने का आरोप लगाया है। प्रत्याशी का कहना है कि उन्हें और उनके साथ काम कर रहे कार्यकर्ताओं को रोकने की कोशिश की जा रही है।

प्रत्याशी के मुताबिक अकलतरा विधानसभा क्षेत्र को लेकर दबदबा कायम करने की कोशिश की जा रही है। उनका आरोप है कि उन्हें यह तक कहा जा रहा है कि अकलतरा विधानसभा क्षेत्र हमारा है और इस क्षेत्र में सिर्फ हमारा चलेगा। इसी को लेकर प्रत्याशी ने संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों से शिकायत करने की बात कही है। उनका कहना है कि यूथ कांग्रेस चुनाव में सभी प्रत्याशियों को समान अवसर मिलना चाहिए और किसी भी कार्यकर्ता को दबाव में लेकर चुनावी गतिविधियों से दूर करना उचित नहीं है।

प्रत्याशी ने कहा कि उन्होंने लंबे समय से मेहनत कर कार्यकर्ताओं को तैयार किया है। संगठन के लिए लगातार काम करने वाले यही कार्यकर्ता अब उनके समर्थन में चुनावी गतिविधियों में जुटे हैं, लेकिन उन्हें रोकने का प्रयास किया जा रहा है। प्रत्याशी का आरोप है कि विरोधी पक्ष हार के डर से उलूल-जुलूल बातें कर रहा है और दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है।

मामला धमकी तक पहुंचने का आरोप लगाते हुए प्रत्याशी ने यह भी कहा कि यदि दोबारा उन्हें या उनके समर्थकों को देख लेने अथवा किसी तरह की धमकी दी जाती है तो इसकी सूचना पुलिस को दी जाएगी। साथ ही पूरे मामले को संगठन के सामने रखकर निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित कराने की मांग की जाएगी।

जल्द सामने आएगा धमकी भरे ऑडियो-वीडियो का मामला

अन्य प्रत्याशी के रिश्तेदार पर धमकी देने का आरोप लगाया गया है। इस संबंध में ऑडियो और वीडियो साक्ष्यों के साथ संगठन में शिकायत दर्ज कराई जाएगी। प्रत्याबशी बलबीर सिंह ढिल्लों ने कहा कि शिकायत के साथ उपलब्ध साक्ष्य भी संगठन के समक्ष प्रस्तुत किए जाएंगे, ताकि चुनाव में कथित दबाव बनाने के पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो सके। उन्होंने कहा कि मामले से जुड़े सभी तथ्य जल्द ही सार्वजनिक किए जाएंगे।

 

वहीं दूसरी ओर पूरे मामले पर जांजगीर चांपा विधायक ब्यास कश्यप ने कहा कि भाजपा से जुड़े कुछ लोग कांग्रेस की रीति-नीति से प्रभावित होकर अपने रिश्तेदारों का सहयोग कर रहे हैं। उनका कहना है कि किसी चुनाव में किसी प्रत्याशी के पक्ष में उसके रिश्तेदार या समर्थक खड़े हों, यह लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा है।विधायक ब्यास कश्यप के मुताबिक चुनाव में स्थिति और परिस्थिति के अनुसार लोग किसी न किसी प्रत्याशी का सहयोग करते हैं। उन्होंने कहा कि यूथ कांग्रेस का चुनाव संगठन की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कराया जा रहा है और चुनाव निष्पक्ष तरीके से हो रहा है।

अब एक तरफ प्रत्याशी की ओर से धमकी, दबाव और कार्यकर्ताओं को रोकने के आरोप लगाए जा रहे हैं, ऐसे में यूथ कांग्रेस चुनाव को लेकर अकलतरा विधानसभा क्षेत्र की राजनीति गरमा गई है। अब नजर संगठन की ओर है कि शिकायत सामने आने के बाद इस पूरे मामले को लेकर क्या रुख अपनाया जाता है और चुनाव प्रक्रिया को लेकर क्या कदम उठाए जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button