मां मनका दाई तीर्थ यात्रा पार्टी द्वारा कराया गया बस्तर भ्रमण
45 से अधिक युवाओं ने एक साथ किया माँ दंतेश्वरी का दर्शन

जांजगीर-चाम्पा। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर मां मनका दाई तीर्थ यात्रा पार्टी धाराशिव (जांजगीर) द्वारा तीन दिवसीय धार्मिक एवं पर्यटन यात्रा का सफल आयोजन किया गया। यात्रा में श्रद्धालुओं एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न धार्मिक एवं प्राकृतिक स्थलों का भ्रमण किया। तीन दिवसीय यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने मां दंतेश्वरी माता के दर्शन कर सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इसके साथ ही चित्रकूट जलप्रपात, तीरथगढ़ जलप्रपात एवं बारसूर गणेश मंदिर सहित कई प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों का भ्रमण किया गया। विशेष एसी स्लीपर बस के माध्यम से आयोजित इस यात्रा में यात्रियों के लिए चाय-नाश्ता, स्वादिष्ट भोजन एवं धर्मशाला में निःशुल्क रात्रि विश्राम की व्यवस्था की गई थी। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने धार्मिक आस्था के साथ प्राकृतिक सौंदर्य का भी आनंद लिया। यात्रा में शामिल लोगों ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के धार्मिक एवं पर्यटन भ्रमण से लोगों को एक साथ धार्मिक स्थलों के दर्शन करने तथा प्रदेश के खूबसूरत प्राकृतिक स्थलों को करीब से देखने का अवसर मिलता है। मां मनका दाई तीर्थ यात्रा पार्टी के संचालक नरेंद्र सिंह राठौर एवं सहयोगी राजेश राठौर ने यात्रा में शामिल सभी श्रद्धालुओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से तीन दिवसीय यात्रा सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इस यात्रा में लगभग 45 युवा वर्ग शामिल थे, जिसमें जांजगीर, खोखरा, किरारी, मल्हार सहित आसपास के युवा यात्री शामिल थे। विदित हो कि छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में शंखिनी और डंकिनी नदियों के संगम पर स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर देश के 52 शक्तिपीठों में से एक है, जहाँ माता सती का दांत गिरा था।













