विनोबा में शिक्षक राजेश कुमार सूर्यवंशी को मिला पोस्ट आफ द मंथ अवार्ड

हरीश कुमार राठौर
जांजगीर-चाम्पा। जिले में संचालित आचार्य विनोबा भावे शिक्षक कार्यक्रम के अंतर्गत आज 15 जनवरी को दिसंबर माह के जिला स्तरीय पोस्ट द मंथ अवार्ड का वितरण किया गया। समग्र शिक्षा जिला कार्यालय में आयोजित अवार्ड समारोह में नवाचारी शिक्षक राजेश कुमार सूर्यवंशी को दिसंबर माह के लिए पोस्ट आफ द मंथ का अवार्ड दिया गया। आयोजन को संबोधित करते हुए डीएमसी हरिराम जायसवाल ने विनोबा फाउण्डेशन के शैक्षिक गतिविधियों की सराहना की साथ ही जिले के नवाचारी शिक्षकों द्वारा प्रतिमाह प्रकाशित की जा रही शैक्षिक मासिक पत्रिका शिक्षा सारांश के गतिविधियों को सराहा तथा सभी शिक्षकों को अपना नवाचार पत्रिका में भेजने की अपील की। उन्होंने बताया कि विनोबा ऐप के माध्यम से हर महीने जिले के नवाचारी शिक्षकों को ’’पोस्ट आफ द मंथ’’ और विभिन्न कौशल संवर्धन पहल में उत्कृष्ट कार्य के लिए पुरस्कृत किया जाता है। कार्यक्रम में पुरस्कृत होने वाले शिक्षकों ने अपना अनुभव साझा किया तथा अधिकारियों ने सभी सम्मानित शिक्षकों को बधाई दी और उन्हें प्रोत्साहित किया। उन्होंने सभी शिक्षकों से छात्रों के समग्र विकास के लिए इसी तरह कार्य करते रहने का आह्वान किया। इस कार्यक्रम में एपीसी दिनेश सोनवान, हेमलता शर्मा, प्रोग्रामर रज्जन मिश्रा, ओपन लिंक्स फाउंडेशन के जिला समन्वयक अजहर शेख, भूपेन्द्र चंद्रा सहित विभिन्न ब्लाक से पहुंचे नवाचारी शिक्षक उपस्थित रहे। शिक्षक राजेश सूर्यवंशी ने बताया कि विनोबा ऐप से पोस्ट आफ द मंथ अवार्ड प्राप्त करने के लिए, आपको ऐप के भीतर सक्रिय रहना होगा और निरंतर शैक्षिक सामग्री पोस्ट करनी होगी। यह कार्यक्रम शैक्षिक उद्देश्यों के लिए है इसलिए ऐसी पोस्ट जो रचनात्मक, उपयोगी और प्रेरणादायक हों पोस्ट किया जाना चाहिए।












