News

जांजगीर में कल होगा जबर पोरा रैली अऊ कमरछठ तिहार

आयोजकों ने पत्र वार्ता के माध्यम से दी जानकारी

जांजगीर-चाम्पा। छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के तत्वावधान में आगामी 2 सितंबर बुधवार को जांजगीर में भव्य ‘जबर पोरा रैली अऊ कमरछठ तिहार’ का आयोजन किया जाएगा। आयोजन में छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक-संस्कृति, पारंपरिक नृत्य, लोककलाओं और विभिन्न क्षेत्रों की सांस्कृतिक झांकियों का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। कार्यक्रम में बस्तर का धुरवा एवं मांदरी नाचा, सरगुजा का रेला पाटा, कांकेर का गेड़ी नाचा, पंथी, सुवा, कर्मा और राउत नाचा सहित प्रदेश के विभिन्न अंचलों की लोक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां प्रमुख आकर्षण रहेंगी। आयोजन में ‘छत्तीसगढ़ महतारी’ की भव्य झांकी भी निकाली जाएगी, जो प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, परंपरा और लोक जीवन को प्रदर्शित करेगी। कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण प्रदेश की सबसे बड़ी कमरछठ पूजा होगी, जिसमें हजारों माताएं अपने संतानों की दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि की कामना के साथ सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना करेंगी। इस आयोजन का सामाजिक संदेश जात-पात के करव बिदाई, छत्तीसगढ़िया भाई-भाई” रखा गया है। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम का उद्देश्य छत्तीसगढ़ की लोक-संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकता को मजबूत करना तथा नई पीढ़ी को अपनी माटी और संस्कृति से जोड़ना है।छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना ने प्रदेश के सभी नागरिकों, माताओं-बहनों, युवाओं एवं सामाजिक-सांस्कृतिक संगठनों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button