Saturday, April 20, 2024
Homeकोरबाधान खरीदी केंद्र में ऑपरेटर के मनमानी बिना चढ़ावा किसान को नहीं...

धान खरीदी केंद्र में ऑपरेटर के मनमानी बिना चढ़ावा किसान को नहीं मिलता टोकन और तौल के बाद रसीद।

कोरबा::जाज्वल्य न्यूज़::प्रशासनिक हिदायतों के बाद भी धान खरीदी केंद्र पठियापाली में धान बेचने के लिए टोकन काटने के एवज में ऑपरेटर द्वारा रुपए की मांग की जा रही है। धान बेचने के बाद रसीद भी नहीं दी जा रही है और किसान के खाते में पैसा भी नहीं पहुंचा है। एक किसान का तो कम धान बेचकर शेष धान ऑपरेटर ने ही बेच डाला।

खरीदी केंद्र में जांच करते
कोरबा (खटपट न्यूज)। यह भर्राशाही आदिवासी सेवा सहकारी समिति बरपाली के उपार्जन केंद्र पठियापाली में सामने आई है। यहां धान बिक्री के लिए कम्प्यूटर ऑपरेटर द्वारा रसीद बनाने के नाम पर किसानों से अवैध वसूली की जा रही है। किसान मधुसूदन कंवर ने बताया कि पहले तो टोकन के नाम पर कई दिनों तक घुमाया गया और पैसे देने वाले लोगों का टोकन पहले काटा गया। धान बिक्री के बाद रसीद जारी करने के लिए कम्प्यूटर ऑपरेटर किसानों से पैसे की मांग करता है। किसान मधुसूदन ने बताया कि 7 जनवरी को उन्होंने 28.80 क्विंटल धान विक्रय किया था जिसका 15 दिनों तक रसीद नहीं दिया गया और न ही किसान के खाते में अब तक राशि आई।


मधुसूदन ने बताया कि रसीद देने के नाम से ऑपरेटर ने 500 रुपये मांगे जिसे नहीं देने पर ऑपरेटर ने रसीद प्रदान नहीं की। 7 जनवरी के बाद बेचे गए कई किसानों की राशि खाते में डाल दी गई है जबकि मधुसूदन कंवर की राशि अब तक खाते में नहीं पहुंच पाई। अन्य किसान ने बताया बिक्री हुए धान का कम्प्यूटर रसीद निकालने ऑपरेटर उनसे पैसे की मांग करते हैं और नहीं देने पर केंद्र के चक्कर लगवाते है जिससे किसान परेशान हैं।

खर्चा-पानी के नाम पर उगाही

ग्राम दमखांचा निवासी मोहित राम ने बताया कि ऑपरेटर द्वारा प्रत्येक किसानों से खर्चा-पानी के नाम पर 100 रुपये से लेकर 500 रुपये तक की मांग की जा रही है। राशि नहीं देने के कारण किसानों को रसीद देने के लिए चक्कर लगवाया जाता है। कम्प्यूटर रसीद नहीं कटने से किसानों को धान बिक्री की राशि खाते में प्राप्त नहीं हो रही है। खर्चा-पानी के नाम से पैसे देने पड़ते हैं तब आगे काम होता है।
समय पर नहीं आता ऑपरेटर, भटक रहे किसान
ग्राम दमखांचा निवासी शंकर सिंह कंवर ने बताया कि यहां ऑपरेटर खरीदी केंद्र में समय पर नहीं आता जिसकी वजह से किसानों को टोकन कटवाने से लेकर बिक्री रसीद प्राप्त करने के लिए भटकना पड़ता है। मनमानी पूर्वक समय पर केंद्र नहीं पहुंचने से किसानों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

किसान के नाम से ऑपरेटर ने बेच दिया धान

ग्राम मौहार निवासी बाबा सिंह ने बताया कि उन्होंने 110 क्विंटल धान का टोकन कटवाया था जिसमें उन्होंने 104 क्विंटल धान बेचा तथा ऑपरेटर शशिकांत शांडिल्य ने 6 क्विंटल अपना धान बाबा से पर्ची में बेचकर चढ़ा दिया जबकि उसका स्वयं का धान अभी घर में मौजूद है। बताया गया कि ऑपरेटर कोरबा से आना-जाना करता है तो भला उस उसने बाबा सिंह के गांव मौहार से कैसे धान बेच दिया?
तहसीलदार के निर्देश पर आरआई ने बनाया पंचनामा
किसानों की शिकायत पर तहसीलदार सुश्री आराधना प्रधान के निर्देश पर राजस्व निरीक्षक करुणा मैत्री एवं पटवारी पुष्पेंद्र कुमार पठियापाली धान उपार्जन केंद्र पहुंचे और किसानों के बयान लेकर पंचनामा तैयार किया गया। पंचनामा में यह स्पष्ट लिखा गया है कि ऑपरेटर द्वारा किसानों से पैसे की मांग की जाती है। राजस्व निरीक्षक द्वारा धान बोरे की तौल करने पर कुछ बोरों में मानक से बहुत ज्यादा और कुछ बोरों में बहुत ही कम तौल करना पाया गया जो 38 किलो निकला। पंचनामा में किसानों ने सहमति जताते हुए हस्ताक्षर भी किया है। अब देखना होगा कि किसानों से जुड़े इस गंभीर मामले में प्रशासन क्या कार्यवाही करता है? दूसरी ओर स्थानीय मीडिया कर्मियों ने जब ऑपरेटर शशिकांत शांडिल्य से आरोपों के संबंध में उनका पक्ष लेना चाहा तो उन्होंने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।

Jajwalya News
Jajwalya Newshttps://jajwalyanews.com/
देश में तेजी से बढ़ती हुई हिंदी समाचार वेबसाइट है। जो हिंदी न्यूज साइटों में सबसे अधिक विश्वसनीय, प्रमाणिक और निष्पक्ष समाचार अपने पाठक वर्ग तक पहुंचाती है। Email : newsjajwalya@gmail.com
RELATED ARTICLES

Most Popular