जांजगीर चांपा

वृद्धाश्रम खोखरा में हर्षोल्लास से मनाया गया सक्षम स्थापना दिवस, एसपी विजय पाण्डेय रहे मुख्य अतिथि।

जांजगीर-चांपा सक्षम जिला जांजगीर-चांपा द्वारा सक्षम स्थापना दिवस के अवसर पर ग्राम खोखरा स्थित वृद्धाश्रम में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा विजय पाण्डेय रहे। विशिष्ट अतिथियों में  अनिल सोनी (संरक्षक, सक्षम जिला जांजगीर-चांपा), अभिषेक शुक्ला, श्री सिंह तथा संतोष कुमार कश्यप उपस्थित रहे।कार्यक्रम का शुभारंभ संत सूरदास जी के तैलचित्र पर दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद अतिथियों का तिलक लगाकर, श्रीफल एवं सक्षम परिचय पुस्तक भेंट कर स्वागत किया गया। संगठन मंत्र का पाठ डॉ. कमल किशोर कौशिक ने किया तथा सक्षम गीत सुश्री छाया डडसेना ने प्रस्तुत किया।

सक्षम के जिला सचिव संतोष कुमार सोनी ने संस्था का परिचय देते हुए बताया कि सक्षम (समदृष्टि क्षमता विकास एवं अनुसंधान मंडल) दिव्यांगजनों के हित में कार्य करने वाली राष्ट्रीय सेवा संस्था है, जिसकी स्थापना 20 जून 2008 को हुई थी। उन्होंने बताया कि संस्था के प्रथम राष्ट्रीय अध्यक्ष पद्मश्री सम्मानित स्वर्गीय दामोदर गणेश बापट थे। संस्था दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने, आत्मनिर्भर बनाने, उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने तथा नेत्रदान, रक्तदान एवं देहदान जैसे सेवा कार्यों के प्रति जनजागरण का कार्य करती है।

डॉ. कमल किशोर कौशिक ने दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम-2016 के अंतर्गत दिव्यांगता के 21 प्रकारों की जानकारी दी। डॉ. आशीष जायसवाल ने सक्षम के विभिन्न आयामों एवं प्रकोष्ठों की जानकारी साझा की। जिला कोषाध्यक्ष  गणेश सराफ ने दिव्यांग मित्र योजना, वार्षिक सदस्यता, आजीवन सदस्यता एवं संरक्षक सदस्यता योजना की जानकारी देते हुए संस्था को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की अपील की।

मुख्य अतिथि विजय पाण्डेय ने अपने संबोधन में संत सूरदास, अष्टावक्र, लुई ब्रेल और हेलन केलर जैसे महान व्यक्तित्वों का स्मरण करते हुए कहा कि सक्षम जैसी संस्थाएं दिव्यांगजनों का आत्मविश्वास बढ़ाने और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का सराहनीय कार्य कर रही हैं। उन्होंने भविष्य में भी संस्था को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम के दौरान वृद्धाश्रम में निवासरत वृद्धजनों एवं दिव्यांगजनों को सक्षम की ओर से छतरियों का वितरण किया गया। अंत में संरक्षक अनिल सोनी ने आश्रम की अधीक्षिका श्रीमती बर्मन, आश्रम के सेवा कार्य में लगे सभी सेवकों, सक्षम के रोजगार आयाम प्रमुख संजय देवांगन, युवा आयाम प्रमुख चंद्रकांत देवांगन, श्रीमती ज्योति सराफ, सभी सदस्यों एवं उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button