जांजगीर-चांपा: कोतवाली और साइबर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 1140 नशीली गोलियों के साथ दो तस्कर गिरफ्तार।

जांजगीर-चांपा जिले में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए कोतवाली थाना और साइबर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से अल्प्राजोलम (Alprazolam) की 1140 नशीली गोलियां, दो मोबाइल फोन, एक स्कूटी और एक मोटरसाइकिल सहित कुल 1.63 लाख रुपये का सामान जब्त किया गया है।पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप एवं सीएसपी योगिता बाली खापर्डे के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जांजगीर के चर्च मैदान में एक युवक स्कूटी से नशीली दवाओं की सप्लाई कर रहा है। सूचना पर पहुंची टीम ने घेराबंदी कर अमित चतुर्वेदी (35) निवासी बीटीआई चौक, जांजगीर को गिरफ्तार किया। उसके पास से 650 अल्प्राजोलम टैबलेट, एक मोबाइल और स्कूटी बरामद हुई।पूछताछ में अमित ने बताया कि उसने ये टैबलेट रूपेश गिरी गोस्वामी (30) निवासी धाराशिव, थाना पामगढ़ से ली थीं। इसके बाद पुलिस ने तत्काल दबिश देकर रूपेश को भी गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से 490 अल्प्राजोलम टैबलेट, एक मोबाइल और मोटरसाइकल जब्त की गई।इस तरह दोनों आरोपियों से कुल 1140 नशीली गोलियां, दो मोबाइल, एक स्कूटी और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी) और 29 के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।पुलिस अब मामले की एंड-टू-एंड विवेचना करते हुए गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों और नशीली दवाओं के सप्लायर की तलाश में जुटी है।












