News

स्वामी आत्मानंद संविदा शिक्षक एवं कर्मचारी संघ द्वारा दिया जायेगा धरना

2 दिवसीय प्रदेश स्तरीय आंदोलन किए जाने का निर्णय

जांजगीर-चाम्पा। प्रदेश अध्यक्ष दुर्योधन यादव के नेतृत्व में संघ द्वारा आगामी 4 वं 5 अगस्त 2026 को 2 दिवसीय प्रदेश स्तरीय आंदोलन किए जाने का निर्णय लिया गया है। यह आंदोलन प्रदेश के समस्त संविदा शिक्षक एवं कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर आयोजित किया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि लंबे समय से संविदा शिक्षक एवं कर्मचारी अपनी मूलभूत मांगों को लेकर संघर्षरत हैं, किंतु शासन स्तर पर अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। इसी कारण संगठन ने व्यापक चर्चा एवं कर्मचारियों की सहमति के पश्चात आंदोलन का मार्ग चुना है। संघ की प्रमुख मांगों में कलेक्टर समिति व्यवस्था समाप्त कर शिक्षा विभाग में समायोजन, वार्षिक वेतन वृद्धि, 50 लाख रुपये का बीमा सुरक्षा कवच, पीएफ कटौती एवं सेवा सुरक्षा लागू करना तथा मध्यप्रदेश की तर्ज पर संविदा नियम लागू करना शामिल है। प्रदेश अध्यक्ष ने स्पष्ट कहा कि इस बार आंदोलन पूरी मजबूती एवं एकजुटता के साथ किया जाएगा और इसे किसी भी परिस्थिति में टाला नहीं जाएगा। प्रदेश के सभी संभाग, जिला एवं ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों को सक्रिय होकर व्यापक प्रचार-प्रसार एवं संगठनात्मक तैयारी करने के निर्देश दिए गए हैं। संगठन ने प्रदेश के समस्त संविदा शिक्षक एवं कर्मचारियों से अधिक से अधिक संख्या में आंदोलन में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की है।

Back to top button