बिजली चोरी के मामले में विभाग ने की बड़ी कार्यवाही
औराईकला और औराईखुर्द में 2 मामले में फिर एफआईआर

जांजगीर-चाम्पा। जिले के बलौदा वितरण केंद्र अंतर्गत ग्राम औराईकला और औराईखुर्द में बिजली चोरी एवं अवैध विद्युत उपयोग के दो मामलों में नैला चौकी पुलिस ने अपराध दर्ज किया है। दोनों मामलों में विद्युत विभाग की शिकायत पर विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135 एवं 138 के तहत कार्रवाई की गई है। पहला मामला ग्राम औराईकला का है। 30 सितंबर को विद्युत विभाग की टीम ने जांच के दौरान महावीर पटेल के घरेलू विद्युत कनेक्शन में मीटर सर्विस वायर से छेड़छाड़ कर बिजली का उपयोग किया जाना पाया। विभागीय दस्तावेज के अनुसार इस मामले में 50,652 रुपए की बकाया राशि दर्ज है। वहीं दूसरा मामला ग्राम औराईखुर्द का है। यहां विद्युत विभाग की जांच में सोनाराम साहू के परिसर में लगे विद्युत मीटर एवं कनेक्शन में अनियमितता पाए जाने की बात सामने आई। दस्तावेज के अनुसार इस मामले में 40,790 रुपए की बकाया राशि दर्ज है। साथ ही करीब 1,907 रुपए के विद्युत उपकरण के अनधिकृत उपयोग का उल्लेख किया गया है। विद्युत विभाग के अधिकारियों की शिकायत पर नैला चौकी पुलिस ने दोनों मामलों में अपराध दर्ज कर प्रकरणों को विवेचना में लिया है। विभाग ने विद्युत चोरी एवं अवैध उपयोग के मामलों में कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।












