उद्घाटन करने पहुंचे महाप्रबंधक ने मजदूर के हाथों में थमा दी कैंची…
महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने रेलकर्मी जय प्रकाश यादव को बुलाकर कराया नवीनीकृत बाल उद्यान का उद्घाटन, सम्मान से खिल उठे मजदूर-कर्मचारियों के चेहरे।

जांजगीर-चांपा : रेलवे में किसी बड़े अधिकारी के हाथों महत्वपूर्ण कार्यों का उद्घाटन होना आम बात है, लेकिन चांपा में नवीनीकृत बाल उद्यान के उद्घाटन का नजारा उस समय खास और यादगार बन गया, जब दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने खुद फीता काटने के बजाय एक रेलकर्मी के हाथों उद्घाटन कराने का फैसला लिया। महाप्रबंधक ने वहां मौजूद मजदूर कर्मचारियों के बीच से रेलवे कर्मचारी एवं मजदूर कांग्रेस के ब्रांच सेक्रेटरी जय प्रकाश यादव को बुलाया और उनके हाथों उद्घाटन की कैंची थमा दी।महाप्रबंधक के इस अप्रत्याशित कदम ने मौके पर मौजूद रेल अधिकारियों, कर्मचारियों और मजदूरों के बीच खुशी के साथ सम्मान की भावना पैदा कर दी। कुछ पल के लिए जय प्रकाश यादव भी इस फैसले से झिझक गए। उन्होंने महाप्रबंधक से कहा कि “सर, आपको उद्घाटन करना है।” लेकिन महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने आत्मीयता से कहा कि “मैं कह रहा हूं, आप फीता काटकर इसका उद्घाटन करो।”इसके बाद जय प्रकाश यादव ने कैंची संभाली और नवीनीकृत बाल उद्यान का फीता काटकर उद्घाटन किया। जैसे ही रिबन कटा, मौके पर मौजूद रेल कर्मचारियों और मजदूरों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई। यह महज फीता काटने की औपचारिकता नहीं थी, बल्कि मेहनतकश कर्मचारी को सार्वजनिक रूप से सम्मान देने का एक ऐसा क्षण था, जिसने पूरे कार्यक्रम को खास बना दिया।नवीनीकृत बाल उद्यान के उद्घाटन कार्यक्रम में महाप्रबंधक तरुण प्रकाश, प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी डॉ. दर्शनीता बी. अहलुवालिया, मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। चांपा के रेलवे अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में रेलकर्मी भी कार्यक्रम में शामिल हुए थे।कार्यक्रम की तैयारियां पूरी थीं और स्वाभाविक रूप से सभी की निगाहें महाप्रबंधक की ओर थीं। लेकिन महाप्रबंधक ने औपचारिक प्रोटोकॉल से अलग हटकर वहां मौजूद मजदूरों के बीच से जय प्रकाश यादव को चुना। उनका नाम और परिचय पूछने के बाद उन्हें उद्घाटन के लिए आगे बुलाया गया।जय प्रकाश यादव के लिए यह पल सिर्फ फीता काटने तक सीमित नहीं रहा। जिस हाथ में रोज मेहनत और काम के औजार रहते हैं, उसी हाथ में उस दिन उद्घाटन की कैंची थी। मौके पर मौजूद कर्मचारियों के बीच भी यह चर्चा का विषय बन गया कि रेलवे की व्यवस्थाओं को अपनी मेहनत से गति देने वाले कर्मचारी को महाप्रबंधक ने इस महत्वपूर्ण अवसर पर सम्मान दिया।महाप्रबंधक तरुण प्रकाश के इस सहज और अप्रत्याशित फैसले ने कार्यक्रम को महज एक औपचारिक उद्घाटन समारोह न रहने देकर उसे भावनात्मक और यादगार बना दिया। मजदूर और कर्मचारियों के बीच लंबे समय तक इसी बात की चर्चा होती रही कि उद्घाटन के लिए पहुंचे महाप्रबंधक ने खुद फीता काटने के बजाय एक मेहनतकश रेलकर्मी के हाथों कैंची थमाकर सम्मान की एक अलग मिसाल पेश की।नवीनीकृत बाल उद्यान का यह उद्घाटन इसलिए भी खास बन गया कि यहां सिर्फ एक उद्यान का उद्घाटन नहीं हुआ, बल्कि मेहनतकश हाथों को सम्मान मिलने का एक ऐसा दृश्य सामने आया, जिसे वहां मौजूद रेलकर्मी लंबे समय तक याद रखेंगे।

#JanjgirChampa #Champa #Railway #SECR #BilaspurRailway #TarunPrakash #RailwayEmployees #RailwayWorkers #JayPrakashYadav #BalUdyan #RailwayNews #रेलवे #चांपा #जांजगीरचांपा












