प्रमोद सिंघानिया बने विश्व हिंदू परिषद के जांजगीर जिलाध्यक्ष, कार्यकर्ताओं में उत्साह।

जांजगीर-चांपा विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने संगठनात्मक विस्तार के तहत वरिष्ठ कार्यकर्ता प्रमोद सिंघानिया को जांजगीर जिले का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। प्रांत नेतृत्व एवं विभागीय बैठक में उनके नाम पर सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। विहिप के क्षेत्र संगठन मंत्री एवं प्रांतीय पदाधिकारियों ने उनके नाम की घोषणा की।प्रमोद सिंघानिया लंबे समय से विश्व हिंदू परिषद के विचारों से जुड़े हुए हैं। धर्म जागरण, सेवा कार्य, गौ-रक्षा एवं सामाजिक समरसता जैसे विषयों पर उनकी सक्रियता रही है। संगठन ने उन्हें जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपकर जिले में संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक गति देने की अपेक्षा जताई है।
उनकी नियुक्ति पर बजरंग दल, दुर्गा वाहिनी, मातृशक्ति सहित विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि प्रमोद सिंघानिया के नेतृत्व में जिले में संगठन का विस्तार होगा और सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी।
दायित्व को पूरी निष्ठा से निभाऊंगा : प्रमोद सिंघानिया
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष प्रमोद सिंघानिया ने कहा कि संगठन ने उन्हें जो महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है, उसे वे पूर्ण निष्ठा, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ निभाएंगे। हिंदू समाज को संगठित करना तथा राष्ट्र और धर्म से जुड़े कार्यों को जन-जन तक पहुंचाना उनका प्रमुख लक्ष्य रहेगा। उन्होंने संगठन के सभी कार्यकर्ताओं के सहयोग से आगे बढ़ने की बात कही।












