नपा. जांजगीर-नैला द्वारा चलाया गया प्लास्टिक एवं पॉलिथीन के विरुद्ध विशेष अभियान
नगर के विभिन्न दुकानों से जब्त किया पॉलिथीन


जांजगीर-चाम्पा। नगर पालिका जांजगीर-नैला द्वारा स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक एवं पॉलिथीन के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। मुख्य नगर पालिका अधिकारी विक्रण भगत एवं इंजीनियर तारकेश्वर नायक के निर्देशानुसार नगर पालिका की राजस्व टीम दुष्यंत राठौर, प्रशांत यादव, गौरव तिवारी, शैलेंद्र राठौर, नंदकिशोर राठौर, ओंकार राठौर द्वारा नगर क्षेत्र के विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। अभियान के दौरान कुल 9 दुकानों में प्रतिबंधित पॉलिथीन पाए जाने पर कार्रवाई करते हुए कुल 4700 जुर्माना लगाते हुए बड़ी मात्रा में पॉलिथीन जब्त की गई। संबंधित दुकानदारों को भविष्य में प्रतिबंधित पॉलिथीन का उपयोग एवं भंडारण नहीं करने की सख्त चेतावनी दी गई तथा नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई भी की गई।
नगर पालिका प्रशासन ने सभी व्यापारियों एवं नागरिकों से अपील की है कि वे पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छ शहर के निर्माण में सहयोग करते हुए कपड़े, जूट अथवा अन्य पर्यावरण अनुकूल थैलों का उपयोग करें तथा प्रतिबंधित पॉलिथीन का उपयोग पूर्णतः बंद करें।
नगर पालिका द्वारा यह भी स्पष्ट किया गया है कि प्रतिबंधित पॉलिथीन के विरुद्ध अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।












