News

राजधानी में गोलियों की गूंज से सियासी भूचाल : कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त पूर्व विधायक सौरभ सिंह के संरक्षण की चर्चाओं ने बढ़ाए सवाल।

राजधानी में गोलियों की गूंज से सियासी भूचाल कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त पूर्व विधायक सौरभ सिंह के संरक्षण की चर्चाओं ने बढ़ाए सवाल

वायरल हर्ष फायरिंग VIDEO से गरमाई राजनीति

राजधानी रायपुर में शादी समारोह के दौरान खुलेआम हुई कथित हर्ष फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद अब मामला सिर्फ कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं रहा, बल्कि राजनीतिक संरक्षण और सत्ता के प्रभाव तक पहुंच गया है। वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे कथित शासकीय कर्मचारी और उसकी पत्नी को लेकर प्रदेश की राजनीति में भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।

राजधानी रायपुर में एक शादी समारोह के दौरान खुलेआम पिस्टल से फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक व्यक्ति पहले खुद फायरिंग करता दिखाई दे रहा है, फिर अपनी पत्नी को भी हथियार देकर फायरिंग करवाता नजर आ रहा है। शादी समारोह के बीच इस तरह खुलेआम हथियार लहराने और गोलियां चलाने का दृश्य सामने आने के बाद प्रदेश की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

सूत्रों और वायरल खबरों के मुताबिक वीडियो में दिखाई देने वाला व्यक्ति ऋतुपर्ण सिंह बताया जा रहा है, जो बिलासपुर के जरहाभाटा हाई स्कूल में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर पदस्थ है। वहीं उनकी पत्नी मोनिका सिंह अकलतरा क्षेत्र की सेवा सहकारी समिति कोटमी सोनार में प्राधिकृत अधिकारी (अध्यक्ष) बताई जा रही हैं। जानकारी के अनुसार वीआईपी रोड स्थित आमोरा पार्क से निकली बारात महादेव घाट स्थित रॉयल क्लब पहुंची थी, जहां कथित तौर पर यह हर्ष फायरिंग हुई।

मामले ने उस वक्त और तूल पकड़ लिया जब राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा तेज हो गई कि संबंधित व्यक्ति को कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त पूर्व विधायक सौरभ सिंह का खुला संरक्षण प्राप्त है। इतना ही नहीं, अकलतरा क्षेत्र के प्रभावशाली नेताओं और जिला पंचायत स्तर तक राजनीतिक पहुंच होने की बातें भी सामने आ रही हैं। यही वजह बताई जा रही है कि वायरल वीडियो सामने आने के बाद भी अब तक पुलिस की ओर से कोई बड़ी या सख्त कार्रवाई नजर नहीं आई।

स्थानीय स्तर पर यह चर्चा भी जोरों पर है कि संबंधित व्यक्ति कई सरकारी और सार्वजनिक कार्यक्रमों में हथियार के साथ नजर आता रहा है और खुद को सत्ता से जुड़े बड़े नेताओं का करीबी बताकर रसूख दिखाता रहा है। ऐसे में अब सवाल यह उठ रहा है कि क्या राजनीतिक संरक्षण के चलते कानून का डर पूरी तरह खत्म हो चुका है?

सबसे बड़ा सवाल यह है कि रायपुर कमिश्नरेट क्षेत्र में खुलेआम हर्ष फायरिंग होती रही और पुलिस प्रशासन आखिर खामोश क्यों रहा? क्या कानून सिर्फ आम लोगों के लिए ही सख्त है? अगर यही हरकत कोई सामान्य व्यक्ति करता तो क्या पुलिस इतनी ही चुप रहती? वायरल वीडियो ने एक बार फिर यह बहस छेड़ दी है कि आखिर रसूखदार लोगों के हाथों में हथियार और सत्ता का संरक्षण कब तक कानून व्यवस्था को चुनौती देता रहेगा।

वायरल वीडियो के बाद सोशल मीडिया में भी लोगों का गुस्सा लगातार बढ़ता नजर आ रहा है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर शादी समारोह में खुलेआम हथियार का प्रदर्शन और फायरिंग करने वालों पर अब तक एफआईआर और गिरफ्तारी जैसी कार्रवाई क्यों नहीं हुई।हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हुई है। वहीं पुलिस या प्रशासन की ओर से भी इस मामले में कोई विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

नोट : यह खबर सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो, स्थानीय सूत्रों और क्षेत्र में चल रही चर्चाओं के आधार पर तैयार की गई है। वायरल वीडियो और दावों की स्वतंत्र आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

Back to top button