शिवरीनारायण क्षेत्र के तेंदुआ धाम में आज से नौ दिवसीय स्वामी रामानंदाचार्य रामभद्राचार्य द्वारा श्री राम कथा, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे शुभारंभ।

- जांजगीर-चांपा। जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल शिवरीनारायण क्षेत्र अंतर्गत तेंदुआ धाम कुरियारी में स्थित “हरिवंश कृपा राम मिलेंगे आश्रम” में आज 27 अप्रैल से नौ दिवसीय श्री राम कथा का भव्य शुभारंभ होने जा रहा है। यह आयोजन 5 मई 2026 तक चलेगा, जिसमें प्रतिदिन श्रद्धालुओं के लिए कथा श्रवण एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।इस भव्य आयोजन के उद्घाटन अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के शामिल होने की जानकारी है। उनके आगमन को लेकर प्रशासनिक एवं आयोजन स्तर पर व्यापक तैयारियां की गई हैं, जिससे कार्यक्रम की गरिमा और भी बढ़ गई है।
कथा का वाचन पद्मविभूषण एवं ज्ञानपीठ सम्मानित जगतगुरु स्वामी रामानंदाचार्य रामभद्राचार्य द्वारा किया जाएगा। अपने प्रवचनों में वे माता शबरी की अटूट श्रद्धा, भगवान श्रीराम के प्रति समर्पण, भक्ति और सेवा भाव के प्रसंगों को विस्तार से प्रस्तुत करेंगे, जिससे श्रद्धालु आध्यात्मिक लाभ प्राप्त कर सकेंगे।
आयोजन को लेकर क्षेत्र में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। स्थानीय
श्रद्धालुओं के साथ-साथ आसपास के जिलों और दूर-दराज क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। कथा स्थल पर श्रद्धालुओं के लिए बैठक, पेयजल, पार्किंग एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
यह आयोजन स्थल शिवरीनारायण से लगभग 6 किलोमीटर दूर खैरताल मार्ग पर तुष्मा के पास स्थित है, जहां पहुंचने के लिए सुगम मार्ग उपलब्ध है। आयोजकों द्वारा श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण करने एवं पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की गई है।धार्मिक और आध्यात्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण इस आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है और लोग उत्सुकता के साथ कथा प्रारंभ होने का इंतजार कर रहे हैं।












