वायरल वीडियो बना सबूत, गोह के शिकार मामले में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई,5 आरोपी गिरफ्तार।

वायरल वीडियो बना सबूत, गोह के शिकार मामले में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 5 आरोपी गिरफ्तार
सोशल मीडिया पर बंगाल मॉनिटर (गोह) के शिकार का वीडियो वायरल होने के बाद वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला बम्हनीडीह थाना क्षेत्र के भद्रा गांव का है। वन विभाग ने आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।गिरफ्तार आरोपियों में दिनेश पटेल (23), हरिराम गोंड (25), शिवा गोंड (24), चयन गोंड (23) और विनोद केवट (33) शामिल हैं। वन विभाग के अनुसार वायरल वीडियो के आधार पर टीम ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया। कार्रवाई के दौरान शिकार में प्रयुक्त सामग्री भी जब्त की गई है।पूरे अभियान में परिक्षेत्र अधिकारी चांपा दीक्षा पांडे, उड़नदस्ता प्रभारी मुश्ताक अली, सहायक परिक्षेत्र अधिकारी अकलतरा विजेंद्र सिंह ठाकुर, आदेश जांगड़े, प्रदीप सिदार और निखिलेश भारद्वाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही।वन विभाग ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस शिकार में अन्य लोग भी शामिल थे या नहीं। विभाग ने वन्यजीवों के शिकार और तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।












