जांजगीर चांपा

छत्रपति शिवाजी महाराज प्रतिभा खोज प्रतियोगिता 2026 का सफल आयोजन

प्रदेशभर में 36 केंद्रों पर हुई परीक्षा, 1200 से अधिक प्रतिभागियों ने कराया पंजीयन

 

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ प्रदेश कुर्मी समाज युवा प्रकोष्ठ के तत्वावधान में छत्रपति शिवाजी महाराज प्रतिभा खोज प्रतियोगिता 2026 का सफल आयोजन किया गया। प्रदेशभर में आयोजित इस प्रतियोगिता को लेकर समाज के युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। परीक्षा के लिए प्रदेशभर में 36 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे।प्रतियोगिता के लिए करीब 1200 प्रतिभागियों ने पंजीयन कराया, जबकि 1000 से अधिक परीक्षार्थियों ने परीक्षा में हिस्सा लिया। आयोजकों के मुताबिक परीक्षा का परिणाम करीब एक सप्ताह के भीतर घोषित किया जाएगा। साथ ही सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन भी किया जाएगा।प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों के लिए आकर्षक पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं। प्रथम पुरस्कार 21 हजार, द्वितीय 17 हजार, तृतीय 15 हजार, चतुर्थ 11 हजार और पंचम पुरस्कार 9 हजार रखा गया है। वहीं छठवें से दसवें स्थान तक आने वाले प्रत्येक प्रतिभागी को 3 हजार की सांत्वना राशि प्रदान की जाएगी।

विधायक व्यास कश्यप ने की आयोजन की सराहना

विधायक व्यास कश्यप ने प्रतियोगिता के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि छत्रपति वीर शिवाजी महाराज के जीवन, संघर्ष और आदर्शों से समाज के युवाओं को प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से युवाओं में ज्ञान और प्रतिस्पर्धा की भावना बढ़ेगी तथा उन्हें भविष्य में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने में भी लाभ मिलेगा।विधायक व्यास कश्यप ने प्रतियोगिता को और व्यापक स्वरूप देने का सुझाव देते हुए कहा कि प्रदेश स्तर के साथ-साथ जिला स्तर पर भी अलग-अलग मेरिट सूची तैयार की जानी चाहिए, ताकि वे व्यक्तिगत रूप से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को पुरस्कृत कर सकें। उन्होंने अधिक से अधिक युवाओं को ऐसी परीक्षाओं में शामिल होने के लिए प्रेरित किया।

संतोष कश्यप ने बताया परीक्षा का उद्देश्य

जांजगीर-चांपा प्रभारी संतोष कश्यप ने कहा कि यह परीक्षा सरकारी प्रतियोगी परीक्षाओं के समकक्ष आयोजित की गई है। इसका उद्देश्य समाज के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करना और उन्हें अधिक से अधिक संख्या में ऐसी परीक्षाओं में भाग लेने के लिए प्रेरित करना है।उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यह आयोजन समाज के युवाओं के लिए मील का पत्थर साबित होगा। सामान्य ज्ञान आधारित ऐसी परीक्षाओं के माध्यम से युवाओं की प्रतिभा को निखारने और उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है।

नंदनी रजवाड़े ने कहा- समाज में ऐसी परीक्षा की थी जरूरत

वहीं श्रीमती नंदनी रजवाड़े ने कहा कि समाज में लंबे समय से इस तरह की प्रतियोगी परीक्षा की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इसी उद्देश्य से इस पहल की शुरुआत की गई है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इस प्रतियोगिता को और भव्य एवं व्यापक रूप दिया जाएगा।उन्होंने कहा कि इससे समाज के युवाओं को निश्चित रूप से बड़ा फायदा मिलेगा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को अपनी प्रतिभा परखने का बेहतर अवसर मिलेगा।

युवाओं की प्रतिभा निखारने की पहल

आयोजकों का कहना है कि छत्रपति शिवाजी महाराज प्रतिभा खोज प्रतियोगिता केवल एक सामान्य ज्ञान परीक्षा नहीं, बल्कि समाज की युवा पीढ़ी की प्रतिभा को पहचानने और उसे निखारने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। युवाओं के कंधों पर देश का भविष्य है और ऐसे आयोजनों के माध्यम से उनमें ज्ञान, प्रतिस्पर्धा और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।आयोजकों ने कहा कि आने वाले वर्षों में प्रतियोगिता को और व्यापक स्तर पर आयोजित किया जाएगा, ताकि प्रदेश के अधिक से अधिक युवा इसमें शामिल हो सकें और अपने भविष्य को संवारने की दिशा में आगे बढ़ सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button