आंगनबाड़ी मिलन कार्यक्रम में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ, जरूरतमंदों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का संकल्प

आंगनबाड़ी मिलन कार्यक्रम में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ, जरूरतमंदों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का संकल्प
जांजगीर-नैला। आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-01, वार्ड क्रमांक-09 जांजगीर-नैला में आंगनबाड़ी मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान समाज के अंतिम व्यक्ति तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने, जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक सुनिश्चित करने और जनसेवा के संकल्प को धरातल पर उतारने के उद्देश्य से ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ किया गया।अभियान के तहत स्वास्थ्य, स्वच्छता, शिक्षा और सामाजिक सुरक्षा सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लोगों को जोड़ने के लिए विशेष कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को शासन की योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों को उनका लाभ दिलाने और जरूरतमंद परिवारों की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास करने पर जोर दिया गया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि समाज के जरूरतमंद वर्गों की समस्याओं के समाधान और उनके सशक्तिकरण के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता का प्रतीक है। अभियान का उद्देश्य जनसेवा को जमीनी स्तर तक पहुंचाते हुए प्रत्येक पात्र व्यक्ति को शासन की योजनाओं और मूलभूत सुविधाओं से जोड़ना है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अजीत गढ़वाल, पार्षद एवं सभापति, नगर पालिका परिषद जांजगीर-नैला उपस्थित रहे। वहीं वक्ता के रूप में श्रीमती संतोषी दुबे, जिला मंत्री भाजपा जांजगीर-चांपा ने कार्यक्रम को संबोधित किया।इस अवसर पर प्रियंका यादव आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, टंकेश्वरी पाण्डे सहायिका, श्वेता तिवारी सुपरवाइजर, विनोद यादव स्वास्थ्य विभाग सुपरवाइजर तथा बसंती कंवर एएनएम सहित वार्ड के हितग्राही, महिलाएं और बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों और हितग्राहियों के साथ संवाद करते हुए विभिन्न योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी भी दी गई।












