डोंगा-कोहरोद के सरकारी स्कूल के प्रधान पाठक पर गंभीर आरोप, बच्चों के सामने अशोभनीय हरकत करने की थाना में शिकायत

विद्यालय समय में अनुचित पहनावे और व्यवहार का आरोप, जांच शुरू होने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप
जांजगीर-चांपा। जिले के डोंगा-कोहरोद स्थित शासकीय प्राथमिक शाला के प्रधान पाठक भुवनेश्वर कौशिक के खिलाफ गंभीर शिकायत सामने आई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि प्रधान पाठक विद्यालय समय के दौरान स्कूल के हेडमास्टर कक्ष में केवल अंडरवियर और टी-शर्ट पहनकर बैठे मिले। आरोप यह भी है कि उस दौरान विद्यालय परिसर में छात्र-छात्राएं मौजूद थे और उनके सामने कथित रूप से अशोभनीय हरकतें की गईं।घटना की जानकारी सामने आने के बाद अभिभावकों और ग्रामीणों में नाराजगी का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि विद्यालय बच्चों के भविष्य निर्माण का केंद्र होता है, ऐसे में यदि किसी शिक्षक का आचरण मर्यादा के अनुरूप नहीं है तो यह अत्यंत गंभीर विषय है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।शिकायत संबंधित शिक्षा अधिकारियों को सौंप दी गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है। जांच के दौरान विद्यालय के कर्मचारियों, शिकायतकर्ताओं और अन्य संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जा सकते हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की प्रशासनिक कार्रवाई तय होगी।फिलहाल प्रधान पाठक की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। यदि उनका पक्ष प्राप्त होता है तो उसे भी समाचार में प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।यह मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था और विद्यालयों में अनुशासन को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। अभिभावकों का कहना है कि स्कूल में बच्चों की सुरक्षा, गरिमा और बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करना शिक्षा विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है।











