सावधान चिकन और तरबूज खाने के बाद बिगड़ी तबीयत, 15 वर्षीय अखिलेश की मौत से गांव में दहशत।

सावधान चिकन और तरबूज खाने के बाद बिगड़ी तबीयत, 15 वर्षीय अखिलेश की मौत से गांव में दहशत
जांजगीर-चांपा जिले के धुरकोट गांव से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां कथित फूड पॉइजनिंग ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। मामा के घर पहुंचे बच्चों और परिजनों ने रविवार शाम एक साथ तरबूज खाया था और रात में चिकन का सेवन किया। खाना खाने के कुछ घंटे बाद ही एक-एक कर सभी की तबीयत बिगड़ने लगी। पेट में तेज दर्द, उल्टी और घबराहट की शिकायत के बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि एक साथ 6 से अधिक लोगों की हालत खराब हो गई, जिन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने सभी का इलाज शुरू किया, लेकिन इलाज के दौरान 15 वर्षीय अखिलेश धीवर ने दम तोड़ दिया। बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया, वहीं पूरे गांव में दहशत और चिंता का माहौल बन गया है।
फिलहाल हितेश धीवर, पिंटू धीवर सहित अन्य बच्चों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है। डॉक्टर लगातार उनकी हालत पर नजर बनाए हुए हैं। प्रारंभिक तौर पर मामला फूड पॉइजनिंग का माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
घटना की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम भी सक्रिय हो गई है। बताया जा रहा है कि खाने में इस्तेमाल किए गए खाद्य पदार्थों की जांच की जा सकती है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आखिर अचानक इतनी बड़ी घटना कैसे हुई। गांव के लोग भी इस घटना के बाद सहमे हुए हैं और बच्चों की हालत को लेकर लगातार अस्पताल पहुंच रहे हैं।विशेषज्ञों का कहना है कि गर्मी के मौसम में खुले में रखा भोजन, बासी चिकन या लंबे समय तक कटे हुए फल स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकते हैं। ऐसे मौसम में थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा बन सकती है।










