News

गृह मंत्री के दौरे से पहले सियासी घमासान, युवा कांग्रेस का विरोध तेज।

जांजगीर-चांपा : छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री विजय शर्मा के आज जांजगीर-चांपा दौरे से पहले जिले में सियासी माहौल गर्म हो गया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार गृह मंत्री तेंदुआ ग्राम में आयोजित राम कथा में शामिल होंगे, जहां प्रसिद्ध संत राम भद्राचार्य द्वारा कथा का वाचन किया जा रहा है।गृह मंत्री के आगमन से पहले ही युवा कांग्रेस ने विरोध का ऐलान कर दिया था। जिला अध्यक्ष पंकज शुक्ला ने सोशल मीडिया के माध्यम से गृह मंत्री को काला झंडा दिखाने की चेतावनी दी थी। उनका आरोप है कि करही गांव में हुए गोलीकांड के मृतकों के परिजनों से गृह मंत्री अब तक मुलाकात नहीं कर पाए हैं, जिससे आम लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। उन्होंने राज्य सरकार पर संवेदनहीनता का आरोप लगाते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी।इधर, विरोध प्रदर्शन को लेकर पुलिस प्रशासन पहले से सतर्क नजर आया। कचहरी चौक पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पंकज शुक्ला सहित कई युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। बताया जा रहा है कि ये सभी कार्यकर्ता गृह मंत्री को काला झंडा दिखाने के लिए एकत्रित हो रहे थे।इस पूरे घटनाक्रम के बीच करही गोलीकांड को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। घटना के आरोपियों तक अब तक पुलिस के नहीं पहुंच पाने से जनाक्रोश लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में गृह मंत्री का यह दौरा राजनीतिक रूप से और भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जहां कानून-व्यवस्था और सरकार की कार्यशैली पर विपक्ष लगातार हमलावर बना हुआ है।

Back to top button