हमर लैब योजना प्रारंभ करने के लिए सभी तैयारी शीघ्र पूरी करें – कलेक्टर ।

जांजगीर-चांपा::जाज्वल्य न्यूज़:: जितेंद्र कुमार शुक्ला ने आज कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित समय सीमा बैठक में विभागीय कामकाज की प्रगति की समीक्षा की। कलेक्टर ने कहा कि राज्य सरकार की योजना के तहत जिला अस्पताल में हमर लैब प्रारंभ किया जाएगा। जिला अस्पताल में न्यूनतम दर पर उपचार से संबंधित 90 प्रकार की जांच की सुविधा उपलब्ध होगी। इस योजना से उपचार कराने वाले मरीजों को लाभ मिलेगा। कलेक्टर ने इसके लिए आवश्यक उपकरण और संसाधनों की व्यवस्था शीघ्र करने सीएमएचओ डॉ बंजारे को निर्देशित किया।
कलेक्टर ने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत पाईप लाईन बिछाई जा रही है। इस कार्य में सड़क को क्षति न पहुंचे यह सुनिश्चित किया जाए। यदि बहुत आवश्यक हो तो पाईप लाईन बिछाने के बाद मरम्मत का कार्य भी सुनिश्चित किया जाय। उन्होंने कहा कि इस कार्य से आमजनता को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो।
कलेक्टर ने बैठक में श्रम विभाग, जल जीवन मिशन, स्कूली विद्यार्थियों के जाति प्रमाण पत्र जारी करने, न्यायालय से जारी आदेशों का पालन प्रतिवेदन समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने समय सीमा बैठक के उपरांत जनपद पंचायतों के सीईओ की संक्षिप्त बैठक में कहा कि राज्य सरकार की महत्वकांक्षी योजना मुख्यमंत्री गोधन न्याय योजना के क्रियान्वयन प्राथमिकता से करें। गौ-पालकों को गोबर बेचने के लिए प्रेरित करें और गौठान से जुड़े स्व-सहायता समूहों को स्वावलंबी बनाने के लिए प्रसंस्करण कर खाद तैयार करवायें। तैयार खाद के विक्रय में सहयोग करें।












