भारतीय हथकरघा प्रौद्योगिकी संस्थान चांपा में 300 घंटे के व्यावसायिक प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ…..

चांपा : भारतीय हथकरघा प्रौद्योगिकी संस्थान (IIHT), चांपा में 24 अक्टूबर 2026 को एकीकृत संस्थान विकास कार्यक्रम (IIDP) के अंतर्गत 300 घंटे के व्यावसायिक प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस पहल का उद्देश्य पारंपरिक हथकरघा बुनाई कौशल को आधुनिक तकनीकी ज्ञान से जोड़ना, बुनकरों की दक्षता बढ़ाना तथा रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराना है।यह प्रशिक्षण कार्यक्रम राष्ट्रीय कौशल योग्यता ढाँचे (NSQF) के अनुरूप संचालित किया जा रहा है। इसके तहत प्रशिक्षार्थियों को दो शाफ्ट हैंडलूम बुनाई (Two Shaft Handloom Weaving) का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे बुनाई की गुणवत्ता में सुधार, उत्पादकता में वृद्धि और बुनकरों की आजीविका को मजबूत करने में मदद मिलेगी।कार्यक्रम में परियोजना की नोडल अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर श्रीमती रीचा सिंह, प्रचार प्रभारी एवं जिला हस्तशिल्प अधिकारी श्री सौरभ सिंह ठाकुर, जिला रेशा अधिकारी श्री मधुप चंदन तथा भारतीय हथकरघा प्रौद्योगिकी संस्थान, चांपा के डीडीओ बिहारीलाल पटेल सहित संस्थान के अधिकारी-कर्मचारी एवं प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के संचालन में इंजीनियर मंजूषा पाटले की महत्वपूर्ण भूमिका रही।कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने व्यावसायिक प्रशिक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हथकरघा क्षेत्र में पारंपरिक कला और आधुनिक तकनीक का समन्वय समय की आवश्यकता है।

ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों से बुनकरों के कौशल में निखार आएगा और वे बेहतर गुणवत्ता वाले उत्पाद तैयार कर बाजार में अपनी पहचान मजबूत कर सकेंगे।IIDP परियोजना के अंतर्गत IIHT चांपा को पुनर्जीवित करने के साथ ही प्रशिक्षण, कौशल विकास और संस्थागत क्षमताओं को मजबूत करने के लिए विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। 300 घंटे का यह प्रशिक्षण कार्यक्रम इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जो स्थानीय स्तर पर कुशल मानव संसाधन तैयार करने तथा चांपा की समृद्ध हथकरघा परंपरा को आगे बढ़ाने में सहायक होगा।कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं अतिथियों ने प्रशिक्षणार्थियों को पूरी लगन, अनुशासन और उत्साह के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। इस पहल से प्रशिक्षार्थियों को व्यावहारिक दक्षता हासिल करने, आत्मनिर्भर बनने और हथकरघा उद्योग के विकास में योगदान देने का अवसर मिलेगा।












