श्री रामलला दर्शन योजना श्रद्धालुओं के लिए किसी आशीर्वाद से कम नहीं – राजकुमार साहू
जिले से 187 श्रद्धालुओं का 16वां जत्था अयोध्या धाम रवाना

जांजगीर-चाम्पा। श्री रामलला दर्शन योजना के अंतर्गत बुधवार को जेल चौक खोखरा से जांजगीर जिले से 187 श्रद्धालुओं का 16 वां जत्था भगवान श्रीराम की पावन नगरी अयोध्या धाम के लिए रवाना हुआ। प्रभु श्रीराम की जन्मभूमि के दर्शन की वर्षों पुरानी मनोकामना पूरी होने जा रही थी, इसलिए श्रद्धालुओं के चेहरों पर अपार उत्साह, भक्ति और आत्मिक आनंद साफ झलक रहा था। पूरा वातावरण भक्तिमय रंग में रंगा नजर आया। “जय श्रीराम” के गगनभेदी उद्घोष से परिसर गुंजायमान हो उठा और हर ओर श्रद्धा एवं आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। श्रद्धालुओं को विदा करने पहुंचे परिजनों ने भावुक मन से अपने प्रियजनों को शुभ यात्रा की शुभकामनाएं दीं। कई श्रद्धालुओं की आंखों में प्रभु श्रीराम के दर्शन की खुशी साफ दिखाई दे रही थी। अयोध्या धाम जाने वाले श्रद्धालुओं ने कहा कि यह उनके जीवन का सबसे यादगार और सौभाग्यपूर्ण क्षण है। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य एवं सभापति राजकुमार साहू ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान श्रीराम केवल आस्था के प्रतीक नहीं, बल्कि मर्यादा, सत्य, धर्म और आदर्श जीवन के प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की विष्णुदेव साय सरकार द्वारा संचालित श्री रामलला दर्शन योजना के माध्यम से आमजन को अयोध्या धाम जाकर प्रभु श्रीराम के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हो रहा है। यह योजना श्रद्धालुओं के लिए किसी आशीर्वाद से कम नहीं है। उन्होंने आगे कहा कि प्रभु श्रीराम का जीवन त्याग, करुणा, न्याय और मर्यादा का संदेश देता है। अयोध्या धाम में विराजमान रामलला के दर्शन से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक शांति और नई ऊर्जा प्राप्त होगी। सभापति राजकुमार साहू, समाज कल्याण विभाग के उपसंचालक बरखा मिहिर सहित अतिथियों ने बस को झंडा दिखाकर रवाना किया। श्रद्धालुओं के रवाना होने के पूर्व फूलमालाओं एवं तिलक लगाकर स्वागत किया गया।इस दौरान पूरा माहौल भक्ति में डूबा नजर आया।रामधुन, जयकारों और भक्तों की उमंग ने आयोजन को यादगार बना दिया। इस अवसर पर भाजपा नेता सोनू यादव,समाज कल्याण विभाग के उपसंचालक बरखा मिहिर, रवि राठौर, रवि देवांगन, श्रीकांत गोस्वामी, नपा कर्मचारी अनुपम तिवारी सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।










