कीचड़ में कंधों पर शव ले जाने को मजबूर ग्रामीण, जिला मुख्यालय से 1 किमी दूर विकास के दावों की खुली पोल
सक्ती। सक्ती जिले से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने विकास और बुनियादी सुविधाओं के दावों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिला मुख्यालय से महज एक किलोमीटर दूर स्थित ग्राम पंचायत सोंठी में ग्रामीणों को अंतिम संस्कार के लिए शव को कंधों पर उठाकर घुटनों तक कीचड़ और दलदल से गुजरना पड़ा।बताया जा रहा है कि लगातार बारिश के कारण श्मशान घाट तक जाने वाला रास्ता पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो गया है। सड़क की बदहाल स्थिति के कारण कोई भी वाहन वहां तक नहीं पहुंच सका। ऐसे में ग्रामीणों ने मजबूरी में शव को कंधों पर उठाया और करीब एक किलोमीटर पैदल चलकर श्मशान घाट तक पहुंचे।घटना की तस्वीरें और वीडियो अब सामने आए हैं, जो क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं की बदहाली को उजागर कर रहे हैं। जिला मुख्यालय के इतने करीब होने के बावजूद ग्रामीणों को आज भी पक्की सड़क जैसी मूलभूत सुविधा नहीं मिल पाई है। इससे स्थानीय लोगों में नाराजगी है और उन्होंने प्रशासन से श्मशान घाट तक जल्द से जल्द सर्व मौसम सड़क बनाने की मांग की है।यह घटना ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं की स्थिति पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगाती है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और ग्रामीणों को कब तक इस समस्या से राहत मिलती है।












