News

हरि भजन बिना सुख शांति नहीं -राजेश्री महन्त जी।

जांजगीर-चांपा::जाज्वल्य न्यूज़::महामंडलेश्वर के पद से विभूषित छत्तीसगढ़ राज्य गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष राजेश्री महन्त रामसुन्दर दास जी महाराज दिनांक 8 मार्च 2022 को जिला बिलासपुर एवं बलौदा बाजार भाटापारा के विभिन्न कार्यक्रम में उपस्थित हुए। प्राप्त जानकारी के अनुसार राजेश्री महन्त जी महाराज बिलासपुर में श्री लक्ष्मण प्रसाद मिश्र जी के दिवंगत अनुज श्रीनिवास मिश्र जी को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए उपस्थित हुए इसके अतिरिक्त जिला बलौदा बाजार भाटापारा के लाहोद में राम कथा के कार्यक्रम में शामिल हुए एवं पलारी विकासखंड के अंतर्गत स्थित ग्राम छेरकापुर में आयोजित श्रीमद् भागवत महा ज्ञान यज्ञ के शुभारंभ के अवसर पर उपस्थित हुए। यहां व्यास पीठ पर विराजित आचार्य दिनेश दुबे जी महाराज का उन्होंने साल श्रीफल भेंट करके अभिनंदन किया। आचार्य जी ने भी व्यासपीठ की आसंदी से राजेश्री महन्त जी महाराज को पुष्प माला पहनाकर एवं साल श्रीफल भेंट करके सम्मानित किया। इस अवसर पर अपना आशीर्वाद प्रदान करते हुए राजेश्री महन्त जी महाराज ने कहा कि यह गांव श्री दूधाधारी मठ का गांव है यहां के किसान जिस अन्न को उगाते हैं उसका भोग भगवान श्री बालाजी को लगाया जाता है और भोग प्रसाद श्रद्धालु गण प्राप्त करते हैं, यहां कन्नौजे परिवार के द्वारा अपने दिवंगत परिजनों की आत्मा की मोक्ष प्राप्ति के लिए यह आध्यात्मिक कार्यक्रम रखा गया है जो कि हम सभी के लिए सौभाग्य की बात है। आचार्य श्री दुबे जी महाराज पुरगांव से पधार कर यहां हम सबको भागवत कथा का रसपान पूरे सप्ताह भर कराएंगे उनकी सरल एवं ओजस्वी वाणी से आप सभी को काफी प्रेरणा प्राप्त होगी। इस संपूर्ण सृष्टि जगत में परमात्मा ने चार लाख चौरासी हजार योनि बनाए हैं। उनमें मनुष्य की योनि सर्वोत्कृष्ट योनि है।

मनुष्य का तन धारण करने के पश्चात जीव भगवत प्राप्ति के लिए प्रयत्न कर सकता है। इसलिए हमें अपने जीवन को सार्थक बनाने के लिए प्रत्येकक्षण भगवान के नाम का भजन एवं सुमिरन करते ही रहना चाहिए। मनुष्य के जीवन में यदि सबसे बड़ी कोई समस्या है तो वह सुख और शांति की है। याद रखें बिना हरि के भजन किए जीवन में कभी भी सुख शांति की प्राप्ति नहीं हो सकती! आपका मनुष्य तन धारण करना तभी सार्थक होगा जब आप अपने जीवन के प्रत्येक क्षणों का सदुपयोग हरि नाम संकीर्तन में करें! विभिन्न कार्यक्रमों में विशेष रुप से डॉ लक्ष्मण प्रसाद मिश्र, डॉक्टर डीआर साहू, सरपंच गणेश शंकर जायसवाल, रज्जाक खान, गोपालल कनोजे, हर्ष दुबे सहित अनेक गणमान्य जन उपस्थित थे।

Back to top button