निर्माणाधीन एथेनॉल प्लांट के सुरक्षाकर्मियों पर जानलेवा हमला
चार सुरक्षाकर्मी लहूलुहान, एक की स्थिति गंभीर

जांजगीर-चाम्पा। नैला उप थाना क्षेत्र के ग्राम मुड़पार में निर्माणाधीन श्री श्याम एथेनॉल एंड स्पिरिट्स प्रा. लि. परिसर में घुसकर रविवार रात सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे की नीयत रखने वाले दबंगों ने करीब 15 की संख्या में प्लांट में घुसकर सुरक्षाकर्मियों पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में चार सुरक्षाकर्मी लहूलुहान हुए हैं, जिनमें से एक की स्थिति गंभीर बनी हुई है। पुलिस में दर्ज रिपोर्ट और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना रविवार रात करीब 10 बजे की है। भास्कर पटेल, मोझा पटेल, मानकी पटेल एवं अन्य 10-12 लोग अवैध हथियारों और लाठी-डंडों से लैस होकर प्लांट के गेट पर पहुंचे। आरोपियों ने पहले मां-बहन की अश्लील गालियां दीं और फिर जबरन भीतर घुसकर ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मियों को बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। हमले का मुख्य कारण प्लांट की उस भूमि पर वर्चस्व कायम करना बताया जा रहा है, जिसे आरोपी अपना बताकर अवैध कब्जा किये बैठे हैं। हमलावरों की यह पूरी करतूत प्लांट के मुख्य द्वार पर लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह हमलावर बेखौफ होकर सुरक्षाकर्मियों पर वार कर रहे हैं। वारदात के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को साक्ष्य के तौर पर जब्त कर लिया है। पीड़ितों के बयान और एमएलसी रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता बीएनएस की विभिन्न गंभीर धाराओं धारा 115(2), 126(2), धारा 296, धारा 351(2), 351(3), धारा 189, 190, 191के तहत मामला पंजीबद्ध किया है जिसमें कि जाँच के पश्चात् और भी गंभीर धाराएं जोड़ी जाएंगी।












